बुधवार, 22 अप्रैल 2020

प्रधानमंत्री-2



इन्दिरा गांधी , 71 का चुनाव और ............
डॉ प्रदीप श्रीवास्तव
आज जब भी सोचता हूँ तो विश्वास ही नहीं होता कि कभी भारत की लौह महिला कही जाने वाली देश की तीसरी (वैसे  पाँचवी ,दो बार श्री गुलजारी लाल नन्दा कार्यवाहक प्रधान मंत्री रह चुके थे) प्रधान मंत्री श्रीमति इन्दिरा जी के साक्षात दर्शन किए था।
बात सन 1971की है ,देश में पांचवा आम चुनाव हो रहा था ,तब तक कांग्रेस पार्टी भी दो भागों में विभाजित हो चुकी थी । एक थी कांग्रेस (ओ ) तथा दूसरी थी  कांग्रेस (आर),जिसे इन्दिरा कांग्रेस के नाम से जाना जाता था। जिसका चुनाव चिन्ह था 'गाय और बछड़ा'। जबकि पुरानी कांग्रेस का वही पुराना चुनाव चिन्ह था 'दो बैलों  की जोड़ी '। सन 1967 के चुनाव के बाद से ही पुराने कांग्रेसियों को इन्दिरा जी कुछ पाच नहीं रही थीं। ये व सभी लोग थे नेहरू जी के पुराने साथी थे। जीनामे प्रमुख थे मोरारजी देसाई एवं कामराज जी। क्यों कि उस चुनाव (1967) में इन्दिरा जी ने कांग्रेस के सिंडीकेट का  सुपड़ा साफ कर सत्ता पर काबिज हुई थीं। जिसे वे लोग पचा नहीं पा रहे थे। जिसके चलते 12 नवंबर 1969 को सिंडीकेट कांग्रेस ने उन पर पार्टी में अनुशासन हीनता का आरोप लगते हुए पार्टी से बाहर कर दिया था।
 पार्टी से बाहर किए जाने के बाद उनकी बोखलाहट देखने वाली थी। तब इन्दिरा जी ने न आव देखी न ताव ,उर एक नई पार्टी गठन कर दिया। जिसका नाम दिया कांग्रेस (आर)। उस समय कांग्रेस (ओ) का एक मात्र लक्षय था इन्दिरा जी को सत्ता से हटाना ,लेकिन इन्दिरा जी ने दूर दृष्टि अपनाते हुए अपने पार्टी का उस चुनाव में मुख्य  मुद्दा बनाया था देश से 'गरीबी हटाओ' का। जिसका परिणाम यह निकाला कि 1971 के पाचवें आम चुनाव में 'गरीबी हटाओ' के नाम पर उन्होने 545 लोक सभा की सीटों में से 352 सीटों पर सीधा कब्जा कर लिया, उनके विरोधियों को मुह की खानी पड़ी । इस चुनाव  में भारतीय जनसंघ को भी बहुत नुकसान उठाना पड़ा था। 167 के चुनाव में उन्हें 35 सीटें मिली थीं,जबकि इस चुनाव में वह घट कर 23 पर ही सिमट गई। कांग्रेस (ओ)को केवल 16 सीटों पर ही संतोष करना पड़ा था।
सन 1971 का वर्ष दो मायनों  में भी उल्लेखनीय था, पहली तो इन्दिरा जी की भरी जीत,और दूसरी भारत -पाकिस्तान युद्ध में पूर्वी पाकिस्तान को कब्जे में लेकर 16 दिसंबर को बांग्लादेश का निर्माण कर स्वतंत्र देश बनाना । एक बात और इस चुनाव में इन्दिरा जी पहली बार अपने नए चुनाव चिन्ह 'गाय और बछड़ा ' पर चुनाव लड़ा था,जबकि कांग्रेस (ओ0 का चुनाव चिन्ह वही पुराना था 'दो बैलों की जोड़ी'। 18 मार्च 1971 को इन्दिरा जी ने स्वतंत्र भारत के  तीसरे प्रधान मंत्री पद की शपथ ली थी।  

हाँ ,तो यह थी पृष्ठभूमि । अब आएं  मुख्य बात पर ।सन  1971 का चुनाव था इन्दिरा जी अपनी पार्टी के लिए तूफानी चुनाव प्रचार में लगीं थी ,उसी के तहत  वह फ़ैज़ाबाद(अब अयोध्या) भी आईं। उनकी जनसभा शहर के पश्चिमी छोर पर स्थित कण्टोमेंट के मैदान पर थी ,उनकी पार्टी के प्रत्याशी थे पूर्व सांसद राम कृष्ण सिन्हा । चुनाव प्रचार के लिए फ़ैज़ाबाद पाहुचने में काफी विलंब हो चुका था। उन दिनों मेरे छोटे चाचा श्री डी पी श्रीवास्तव , जो   पी डब्लू डी  में थे, सो उनकी ड्यूटी फ़ैज़ाबाद के हवाई अड्डे पर थी । उन्होने अपने बच्चों यानि मेरे चचेरे भाई बहन को लाने के लिए घर पर गाड़ी भेजी थी। वह लोग उसमे जा रहे थे ,तभी रास्ते में मैं उन्हें दिख गया ,और मुझे भी अपने साथ ले लिया । प्रधान मंत्री को देखने जाना ,यह बड़ी बात थी। उस समय शायद में छठवीं  कक्षा में रहा हूंगा ।  खैर साहब मैं भी उन के साथ  हो लिया । नाका हवाई अड्डे पहुंचे । सारा सरकारी तामझाम ,सुरक्षा के कड़े प्रबंध। मैं ,मेरा छोटा भाई राकेश एवं चोटी बहन रेखा ,वी आई पी गाड़ी से वहाँ गए थे,इस लिए हम लोगों को हवाई अड्डे के अंदर तक ले जाया  गया । हलकी सी स्मृतियों में है  कि कुछ समय बाद ही हवाई अड्डे के भीतर हलचल तेज हुई , तब बालपन या यूं कहें बालमन था। जब तक कुछ समझ पता तब तक भारत सरकार का एक विमान हवा में उड़ता दिखाई दिया। चारों ओर शोर  मच गया कि इन्दिरा जी का विमान आ गया। कुछ ही पलों में हवाई जहाज हवाई अड्डे पर । उस दिन पहली  बार हवाई जहाज को इतनी नजदीक से देखा था ।
इसी बीच अपनी चीर परिचित पारंपरिक मुस्कराहट के साथ इन्दिरा जी हवाई जहाज से नीचे उतरी, किन लोगों ने उनका स्वागत किया ,इस बारे में कोई जानकारी नहीं है। वहाँ उपस्थित सभी लोग एक कतार से खड़े हो गए, चाहे वे बड़े रहे हों या फिर बच्चे । इन्दिरा जी अपने प्रोटोकाल के तहत हवाई अड्डे पर खड़े सभी लोगों का अभिवादन स्वीकारते हुए आगे बढ़ती जा रही थी,वहाँ खड़े लोग  (उस समय के नामी -गिरामी लोग रहे होंगे) उनका माला पहना कर स्वागत व अभिवादन कर रहे थे, इन्दिरा जी अपने हाथों से गले की माला उतरतीं और वहाँ आए बच्चों  के गले में डाल देती। उसी शृंखला में जब हम सब के पास पहुंची तो अपने गले की मालाओं को निकाला और हम तीनों भाई बहनो के गले में भी डाल दिया। आज भी वह दृश्य रह-रह कर आँखों के सामने घूम जाता है । उस समय मन तो बालपन  का ही रहा ,लेकिन उनके चेहरे का लावण्य ,तेज व  चलने की रफ्तार अभी भी जेहन में बैठी है। तभी तो अटल विहारी वाजपेई जी ने उन्हे 'दुर्गा' की उपाधि दे राखी थी। इतना तो कहूँगा कि जब तक वह थीं भारतीय राजनीति में  एक सितारे  की भांति चमकती रहीं ।

खैर साहब वहाँ से निकाल कर हम लोग प्रचार स्थल पर गए,चुनावी भाषण सुना, क्या बोलीं ,पता नहीं। घर लौटने में रात हो गई । इधर मेरे अम्मा-बाबू इतनी देर तक घर न पहुचने पर परेशान थे, तभी किसी ने बताया कि मैं तो इन्दिरा  जी को सुनने गया हूँ। यह सुनकर बाबू  बहुत नाराज़ हुए ,और अम्मा से  कहा कि आने पर आज उसे (मुझे)खाना मत देना। हुआ भी वही । देर शाम यही लगभग रात दस बजे घर पहुंचा , पहुँचते ही  तो श्रद्धा के साथ बाबू ने स्वागत (अब आप समझ ही गए  होंगे कि 'वह श्रद्धा'क्या रही होगी) किया । घर में  मुझसे किसी ने बात तक नहीं की , खाना तो दूर। बाद में पता चला कि बाबू को  गुस्सा इस बात पर था कि बिना बताए कहीं क्यूँ गया था। ठीक है  चाचा के साथ गया था, लेकिन बताना तो चाहिए था ,बात सही थी। आप को बता दूँ उसके बाद कहीं भी जाना होता ,तो बता कर ही जाता । दस वर्षों तक बाहर रह कर लिखाई पढ़ाई की ,लेकिन हर जानकारी उनको दे देता था । अब वह लोग रहे नहीं , आप समझ ही रहें होंगे कि अब किसको देता हूंगा। 
(कल एक और प्रधान मंत्री के साथ का ब्यौरा।)

मंगलवार, 21 अप्रैल 2020

प्रधान मंत्री-1


 तत्कालीन प्रधान मंत्री चंद्र शेखर सिंह के साथ जनसंदेश समपादकीय परिवार। 

पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर सिंह,मैं एवं उनका भोड़सी आश्रम 
यह चित्र है सन 1990 का जब भारतीय राजनीति में तुर्क नेता के रूप में मशहूर बलिया निवासी चंद्र शेखर सिंह भारत के प्रधान मंत्री बने थे। यह पहला मौका था जब किसी भी राजनेता (सांसद) का किसी विभाग के मंत्री बने बिना प्रधान मंत्री  बनना । उन दिनों मैं गुड़गाँव (आज का गुरुग्राम) से प्रकाशित हिन्दी दैनिक 'जनसंदेश' में साहित्य संपादक हुआ करता था । अखबार के मालिक थे उप प्रधान मंत्री चौधरी देवीलाल के बेटे व उस समय हरियाणा के मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला । चौटाला परिवार और चंद्रशेखर का काफी गहरा संबंध । लिहाजा जनसंदेश प्रबंधन में चंद्र शेखर जी का भी काफी अपरोक्ष सहयोग था ही। प्रधान मंत्री बनने के बाद एक दिन वह जनसंदेश के गुड़गाँव कार्यालय आए। तब भी प्रधान मंत्री की सुरक्षा में सारा सरकारी अमला लगा रहता था ,फिर वह तो अपने घर आए थे ,इस लिए सुरक्षा कर्मी काफी दूर थे । लगभग दो घंटे अखबार के परिवार के साथ रहे । सभी से बातचीत की । यह अलग की बात है की प्रधानमंत्री के पद से हटने एवं हरियाणा में चौटाला की बादशाहत खत्म होते ही वह अखबार भी काल के गाल में ही समाहित हो गया । उस समय 'जनसंदेश' ने चंद्र शेखर सिंह जी के 'भोड़सी आश्रम' पर अपने रविवारीय अंक (25 नवंबर 1990) की एक कवर स्टोरी भी की थी। जिसका इनपुट तैयार किया था समाचार संपादक अनिल सोनी ने ,सभी चित्र खींचे थे मैं ने स्वयं। मेरी भी पत्रकारिता का वह स्वर्णिम युग ही कहा जाएगा, क्यों की तब प्रधान मंत्री जी के कई कार्यक्रमों को कवर किया था ।
इस चित्र में आप देख सकते हैं (बाएँ से दायें) जनसंदेश अखबार के प्रधान संपादक डॉ चंद्र त्रिखा जी (डॉ त्रिखा आज कल हरियाणा उर्दू अकादमी के अध्यक्ष हैं ) उनके बाद दिखाई दे रहे हैं श्री अनिल सोनी ,समाचार संपादक (तब, इन दिनों वे हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा ,धर्मशाला से प्रकाशित हिमाचल का सर्वाधिक लोकप्रिय हिन्दी दैनिक "दिव्य  हिमाचल" के प्रधान संपादक हैं,) इन दोनों लोगों के बीच चश्में में (बीच में से झाँकता हुआ) मैं । सोनी जी के बगल में उपसंपादक शशि अग्रवाल (अब डॉ शशि सिंघल),उनके बगल में तत्कालीन माननीय प्रधान मंत्री जी , उनके बगल में डॉ त्रिखा की बेटी मीनाक्षी त्रिखा(जो उन दिनो अँग्रेजी अखबार 'दि  ट्रिब्यून' में हुआ करती थीं । साथ में समपादकीय विभाग के बहुत सारे सहकर्मी ,जिनमें से काईयों के नाम याद नहीं रहे।
(कल दूसरे प्रधान मंत्री के दर्शन के बारे में)
अगर आप बोर हो रहें हैं तो अपने मित्रता सूची से निःसंकोच हटा सकते हैं ,क्यों कि लंबे  अंतराल के बाद अपने अनुभव साझा करने का मन बनाया है ।   
प्रदीप श्रीवास्तव 

शुक्रवार, 17 अप्रैल 2020

मृत्यु से पहले महापंडित रावण ने लक्ष्मण को बताई थीं तीन बातें 

 इन दिनों छोटे पर्दे पर पुनः प्रसारित रामानन्द सागर की लोकप्रिय धारावाहिक रामायण ने लोकप्रियता के सारे मापदण्डों को पीछे करते हुए नंबर एक पर पहुँच चुकी है।जिसमें इस समय राम-रावण युद्ध चल रहा है, कभी भी रावण को श्री राम के हाथों  मोक्ष मिल सकती है। उसके बाद राम अपने भाई लक्ष्मण को रावण  के पास ज्ञान के लिए भेजते हैं ... क्या सीख मिलती है रावण से लक्ष्मण  को....
हम जब तक सामाजिक रूप से प्रमाणित अच्छे कार्य करते जाते हैं, तब तक समाज भी हमारी प्रशंसा करता है, लेकिन जैसे ही समाज के विरुद्ध एक बुरा काम किया नहीं कि हम सदा के लिए बुराई का पात्र बन जाते हैं। लंकापति रावण के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ । हम यह नहीं कहते कि रावण ने जो कुछ भी किया वह गलत था, परन्तु सीताजी का अपहरण करना ही उसकी ज़िंदगी की सबसे बड़ी भूल थी। यदि वो सीता जी का हरण ना करता तो कभी श्रीराम अपनी अर्धांगिनी को बचाने लंका ना आते और ना ही दैत्य रावण का अंत होता। यदि रावण सीता जी का हरण ना करता तो उसकी ज़िंदगी ही कुछ और होती... शायद वह भी आज देवता के समान पूजा जाता।
हमें यह कभी नहीं भूलना चाहिए कि रावण, जिसे पूरा विश्व राक्षस राजा के नाम से जानता है, वह एक महापंडित था। उसके तप में जो कठोरता थी, जो अग्नि थी वह शायद ही उस काल के किसी अन्य ऋषि-मुनि एवं पंडित में थी। कठोर तपस्या के मार्ग से ही रावण ने भगवान शिव को प्रसन्न किया। शिवजी जानते थे कि रावण एक राक्षस है और अपने सवार्थ के लिए ही तप कर रहा है, लेकिन रावण की भक्तिपूर्ण तपस्या को वे भी दरकिनार ना कर सके और विवश होकर उन्हें रावण को वरदान देना ही पड़ा.... जिसके बाद रावण अत्यंत शक्तिशाली हो गया था।
शायद यह बात काफी कम लोग जानते हैं कि रावण के पिता एक ऋषि और माता एक असुर कन्या थी। इसलिए माता के गुणों के कारण ही रावण में असुरों के गुण आ गए... लेकिन पिता से मिला तपस्या का गुण ही रावण के लिए सर्वश्रेष्ठ साबित हुआ। दुनिया पर राज करने के लिए रावण ने तपस्या का मार्ग चुना, दिन-रात शिव जी का जाप किया। आखिरकार वर्षों की तापस्या पूर्ण करके रावण ने शिवजी का वरदान पाया। लेकिन वो कहते हैं ना यदि भगवान विवश होकर बुराई को भी वरदान देते हैं तो उसके अंत के लिए भी पहले से ही मार्ग चुन लेते हैं। कहते हैं कि जैसे ही भगवान शिव ने रावण को वरदान दिया था, उसी के साथ भगवान विष्णु के सातवें अवतार श्रीराम के जन्म का फैसला कर लिया गया था। महर्षि वाल्मीकि द्वारा रचित रामायण के अनुसार माता कैकेयी की इच्छा के मुताबिक श्रीराम, उनकी पत्नी सीता एवं अनुज लक्ष्मण को 14 वर्षों के वनवास के लिए अयोध्या छोड़कर जाना पड़ा। वनवास के कुछ वर्ष बीत गए थे कि अचानक राक्षस रावण की बहन शूर्पणखा ने वन में लक्ष्मण को देखा और देखकर मोहित हो गई। लेकिन लक्ष्मण ने शूर्पणखा की नाक काटकर उसे वहां से भगा दिया, परन्तु जाते-जाते शूर्पणखा ने सुंदर सीता को देख लिया था। लंका जाते ही उसने अपने भाई रावण को सीता के बारे में बताया और षडयंत्र रचा ताकि रावण सीता का हरण कर उसे लंका ले आए।
श्री राम के आदेशनुसार  रावण के पैताने बैठते हैं तो रावण उन्हें बताते हें तीनों बात 
वन में अचानक एक सुनहरे हिरण को देख सीता ने श्रीराम से उसे लेकर आने को कहा, परिणाम स्वरूप राम घने जंगल की ओर निकल पड़े। कुछ देर बाद श्रीराम की मदद की पुकार सुन लक्ष्मण भी उन्हें बचाने वन में निकल गए लेकिन सीताजी की रक्षा के लिए कुटिया के चारों ओर लक्ष्मण रेखा खींच गए जिसे सीता के सिवा कोई पार नहीं कर सकता था। कुछ देर बाद रावण ऋषि का रूप धारण करके आया और सीता को लक्ष्मण रेखा पार कर भीक्षा देने को कहा। कुछ झिझकने के बाद सीता ने बाहर आकर जैसे ही भीक्षा देना चाहा रावण अपने असली रूप में आ गया और सीता का हरण कर उन्हें लंका ले गया। बस यहीं से रावण का बुरा समय आरंभ हो गया....
 श्रीराम नहीं जानते थे कि सीता कहां हैं.... लेकिन काफी जद्दोजहद के बाद उन्हें मालूम हुआ कि लंकापति रावण उन्हें ले गया है। लंका का रास्ता खोजने में हनुमानजी और वानर सेना ने उनकी सहायता की। आखिरकार वे लोग पत्थरों का पुल बनाकर लंका पहुंचे... आरंभ में श्रीराम ने रावण को कुछ शांति संदेश भिजवाए और कहा कि वो सीता को छोड़ दे। लेकिन रावण ने अहंकारवश उसे स्वीकार नहीं किया।और फिर हुआ भीषण युद्ध... एक ओर वानर सेना और दूसरी ओर राक्षसी सेना। युद्ध के कुछ दिनों में ही रावण के पुत्र, भाई कुम्भकर्ण और अन्य राक्षस मारे गए। इधर वानर सेना का भी भारी नुकसान हुआ.... लेकिन आखिरी दिन वह था जब श्रीराम और रावण के बीच युद्ध हुआ। वो कहते हैं ना कि बुराई चाहे कितनी भी बड़ी हो, अच्छाई के सामने छोटी ही पड़ जाती है। रावण ने अपनी दैत्य शक्तियों का भरपूर उपयोग किया लेकिन श्रीराम के वार को वह सह ना सका और अंत में अपना आखिरी श्वास लेता हुआ धरती पर जा गिरा।
  यह वह समय था जब रावण भूमि पर लेटे हुए अपनी अंतिम सांस का इंतजार कर रहा था। तब श्रीराम ने अनुज लक्ष्मण को बुलाया और कहा, “जाओ, रावण के पास जाओ और उससे सफल जीवन के अनमोल मंत्र ले लो”। यह बात सुनकर पहले तो अनुज लक्ष्मण को श्रीराम की बात पर कुछ संदेह हुआ... वह समझ नहीं पा रहा था कि आखिरकार एक दुश्मन से सफलता का क्या पाठ मिलेगा। लेकिन ज्येष्ठ भ्राता के आदेश को लक्ष्मण नकार नहीं सकते थे और आखिरकार वे रावण के सिर के पास जाकर खड़े हो गए। रावण काफी कठिन हालत में श्वास ले रहा था और सिर के पास खड़ा लक्ष्मण उसे काफी ध्यान से देख रहा था और प्रतीक्षा कर रहा था कि कब वह कुछ बोले। लेकिन रावण ने अपने मुख से एक शब्द ना कहा और निराश होकर लक्ष्मण अपने भाई श्रीराम के पास लौटा और कहा कि ‘रावण तो कुछ कह ही नहीं रहे’।
   तब श्रीराम मुस्कुराए और बोले, “जब हमें किसी से शीक्षा प्राप्त करनी हो तो कभी भी उसके सिर के पास खड़े नहीं होना चाहिए। जाओ, रावण के चरणों के पास जाकर हाथ जोड़कर प्रार्थना करो, वे तुम्हे सफलता की कुंजी अवश्य प्रदान करेंगे।“ । श्रीराम के यह वचन सुनकर लक्ष्मण को अचंभा हुआ लेकिन आज्ञानुसार उसने ठीक वैसा ही किया जैसा प्रभु चाहते थे।
भाई की आज्ञा का पालन करते हुए लक्ष्मण  राक्षस राजा रावण के चरणों के समीप गए , हाथ जोड़े और आग्रह किया कि रावण उन्हें सफल जीवन के मंत्र प्रदान करें ।उस समय रावण ने अपने मुख से कुछ वचन बोले और उन्हें सफल जीवन की तीन मूल्यवान बातें बताईं...
  पहली बात जो रावण ने लक्ष्मण को बताई वह ये थी कि शुभ कार्य जितनी जल्दी हो कर डालना और अशुभ को जितना टाल सकते हो टाल देना चाहिए यानी ‘शुभस्य शीघ्रम्’। रावण ने लक्ष्मण को बताया, ‘मैं श्रीराम को पहचान नहीं सका और उनकी शरण में आने में देरी कर दी, इसी कारण मेरी यह हालत हुई’।
   इसके बाद रावण ने लक्ष्मण को जो दूसरी बात बताई वह और भी हैरान कर देने वाली थी। उसने कहा, “अपने प्रतिद्वंद्वी, अपने शत्रु को कभी अपने से छोटा नहीं समझना चाहिए, वह आपसे भी अधिक बलशालि हो सकता है। मैंने श्रीराम को तुच्छ मनुष्य समझा और सोचा कि उन्हें हराना मेरे लिए काफी आसान होगा, लेकिन यही मेरी सबसे बड़े भूल थी।“ रावण ने आगे कहा, “मैंने जिन्हें साधारण वानर और भालू समझा उन्होंने मेरी पूरी सेना को नष्ट कर दिया। मैंने जब ब्रह्माजी से अमरता का वरदान मांगा था तब मनुष्य और वानर के अतिरिक्त कोई मेरा वध न कर सके ऐसा कहा था क्योंकि मैं मनुष्य और वानर को तुच्छ समझता था। यही मेरी गलती थी।“
  रावण ने लक्ष्मण को तीसरी और अंतिम बात ये बताई कि अपने जीवन का कोई राज हो तो उसे किसी को भी नहीं बताना चाहिए। यहां भी मैं चूक गया क्योंकि विभीषण मेरी मृत्यु का राज जानता था, अगर उसे मैं यह ना बताता तो शायद आज मेरी यह हालत ना होती।“
डॉ प्रदीप श्रीवास्तव

सोमवार, 13 अप्रैल 2020

इसे कौन सा प्रेम कहेंगे ?


डॉ प्रदीप श्रीवास्तव
लगभग बीस साल पहले स्व चंद्रधर शर्मा ‘गुलेरी’जी की सौ साल पुरानी एक कहानी पढ़ी थी जिसका शीर्षक था”तेरी कुड़माई हो गई क्या? जिसकी संरचना आज तक मेरे मस्तिष्क अपनी अमिट छोड़ राखी है । इन दिनों पूरा विश्व एक गंभीर आपदा से जूझ रहा है ,सो मुझे भी घर में रहना ही है। समय भी काटना है, जिसे काटने का सबसे सुंदर तरीका है ,अन्य कामों के साथ पुस्तकें,कहानियाँ पढ़ना । कल यानी 28 मार्च ,दिन शनिवार की अल-सुबह नींद खुल गई ,काफी देर तक लेटा रहा । फिर मोबाइल उठाया और फेसबुक खोल लिया , तभी एफबी के वाल पर किसी की एक कहानी पर निगाह पड़ी ,दो लाइने ही पढ़ी थी कि इतनी अच्छी लगी की पूरा पढ़ डाला । कहानी का शीर्षक याद नहीं ,क्यों कि उसके बाद वह एफबी के वाल पर कहाँ गुम हो गई ,पता ही नहीं चला ,बहुत खोजा पर मिली नहीं। खैर साहब आप भी सोच रहे होंगे कि इसमे कहने वाली क्या बात है ,सही भी है आप का कहना। पर बात है । कहानी की पृष्ठभूमि ही ऐसी है । जिसका लबोलुआब कुछ इस तरह है ।
           एक युवती रक्षाबंधन में अपनी परमपराओं को निभाने दिल्ली में रह रहे भाई के कलाई में रक्षाबंधन बांधने पास जाती है,भाई-भाभी सम्पन्न है । दूसरे दिन वह वहाँ (दिल्ली)से अपने घर लौटती है ,दिल्ली रेलवे स्टेशन पर पहुँचती है,और कानपुर जाने वाली पहली गाड़ी का साधारण क्लास का टिकट लेती है ,और जर्नल डिब्बे में सवार हो जाती है ,त्योहारों पर भीड़ इतनी होती है कि वह अपना रिज़र्वेशन शायद नहीं करा सकी होगी? गाड़ी चलाने को होती है तभी एक सज्जन (यही कहना उचित होगा) आते हें और उसके बगल में बैठ जाते है। वह युवती उसे देख कर चौंकती है,लेकिन कनखी से उसे देखती रहती है। सोचती है क्या वह उसे पहचान नहीं रहा है या फिर न पहचानने का नाटक कर रहा है? इसी उधेड़ बुन में गाड़ी एक लंबा सफर तय कर लेती है,इसी बीच वह अपनी सीट पर अपना हैंड बैग रख कर टाइलेट चली जाती है,जब वह लौटती है तो देखती है कि खिड़की वाली सीट पर उसका बैग हटा कर वह सज्जन बैठ गए हैं । लेकिन वह कुछ बोलती नहीं ,थोड़ी देर बाद वही सज्जन अपनी सफाई देते हुए उससे कहते हैं कि गर्मी अधिक लग रही थी इसी लिए इधर बैठ गया हूँ। फिर भी वह युवती कुछ नहीं बोलती,और मन में सोचती रहती है कि क्या वाकई वह उसे नहीं पहचान रहा है। तभी टिकट चेकर आ जाते हैं ,युवती अपना टिकट उन्हें दिखती है । जब टिकट चेकर उससे टिकट मांगते हैं तो वह बोल पढ़ता है कि टिकट नहीं है? इस पर टिकट चेकर फ़ाईन सहित टिकट बनाने की बात कहता है ,जिस पर वह सज्जन कहते हें कि जितना भी लगता है ,लगे । बना दीजिये। टिकट चेकर स्टेशन का नाम पूछता है तो वह बोलदेता है कानपुर तक का। टिकट देकर वह चला जाता है। इधर कानपुर का नाम सुनकर युवती और परेशान हो उठती है, कि हो या न हो यह जरूर न पहचानने का नाटक कर रहा है। गाड़ी अपनी रफ्तार से दौड़ती रहती है । गाड़ी की गति से युवती के मन की गति बढ़ती जाती है, वह खुद पहल कर उससे पूछती है कि ,क्या आप भी कानपुर में रहते हैं ? इस पर उनका कहना होता है कि नहीं । वह फिर पूछती है तो फिर घूमने जा रहे होंगे,इस पर फिर वही उत्तर उसे मिलता है कि नहीं? वह चौंकती है ,और पूछ पढ़ती है तो फिर क्यूँ जा रहे हैं ? इस पर उसका सीधा सा जवाब होता है ,आप को छोड़ने । इतना सुनते ही उस युवती शरीर में एक कंपन्न सी होती है,और पूछ बैठती है क्यूँ,मुझे क्यों छोड़ने जा रहे है,में तो न आप को और न ही आप मुझे जानते हैं ,फिर क्यूँ?इस पर वह सज्जन पूछ बैठते हैं कि आप दिल्ली क्यूँ आई थीं ,इस पर वह उन्हें दिल्ली आने का प्रयोजन बताती है। इस पर वह कहते हैं कि क्या भाई कानपुर छोड़ने नहीं आ सकते थे । जिस बात प्रा वह युवती कोई बहाना बना कर टाल देती है।
    बातों का सिलसिला चल पड़ता है। आखिर वह पूछ पढ़ती है कि उसे कैसे पता कि वह कानपुर ही जा रही है ,इस पर वह सज्जन बताते कि जब वह टिकट चेकर को अपना टिकट दिखा रही थी तो उसने उस पर कानपुर पढ़ लिया था । इस पर उसने पूछा कि आप ने पहचाना मुझे ,जिस पर वह सज्जन बोले कि मैं ने तो दिल्ली में ही पहचान लिया था ,दिल्ली से ड्यूटी पर जा रहा था तो देखा कि आप अकेली कहीं जा रही हैं तो आप के साथ हो लिया कि जमाना कितना खराब है उस पर आप अकेली जा रही हो,सोचा कि जहां तक जा रही हैं तो वहाँ तक छोड़ आता हूँ। अपना समान अपने सहयोगियों के हवाले कर दिया और आप के साथ चला आया। इतने में गाड़ी कानपुर पहुँच चुकी थी , वे गाड़ी से उतरे और उन सज्जन ने उसे उसके घर तक छोड़ा ,घर पहुँचने के बाद उस युवती ने घर के अंदर आने और चाय पीने का बहुत आग्रह किया ,लेकिन अगली बार आने का आश्वासन दे कर चला गया । एक सप्ताह बीतने के बाद एक दिन अचानक अखबार के एक समाचार पर उसकी नज़र पड़ी तो हवाक रह गई, उसके दोनों नेत्रों से गंगा-यमुना की अविरल धारा बह चली ,काफी देर बाद अपने को संयम किया, खबर थी सीमा पर दुश्मनों के साथ देश की रक्षा के लिए मेजर …. शहीद हो गाए । इसके बाद उसके मन में छात्र जीवन की गतिविधियां चलचित्र की भांति चल पड़ी । जब वे दोनों साथ-साथ पढ़ते थे ,किस तरह वह उसके प्यार के लिए दीवाना था,परंतु कभी भी अपनी सीमा को नहीं लांघा। इस बीच उसके पिता जी का कहीं और तबादला हो गया ,और परिवार वालों ने उसका हाथ कहीं और पीले कर दिये। इसे ही तो कहते हैं “निश्चल प्रेम”।

70-80 का दशक था पत्र-मित्रता का


डॉ प्रदीप श्रीवास्तव
कुछ वर्षों पहले मेरी एक मित्राणी (दोस्त ) ने रोमानिया से एक कार्टून भेजा था  ,जिसमे दो उम्र दराज लोगों को नेट सर्फिंग करते हुए दिखाया है | मजे क़ी बात यह है कि दोनों लोग ही यह सोच कर सर्फिंग कर रहे हैं कि वे नेट पर किसी युवा के साथ चैटिंग कर रहे हैं ,पर दोनों लोग बुजुर्ग हैं । |इस कार्टून को देखने के बाद मेरे  जेहन में एक बात आई कि आज बदलती टेक्नालोजी के इस दौर में हमारी मानसिकता भी कितनी बदल रही है |हम आज भी अपने को युवा देखने क़ी चाह में अपने  सारे बन्धनों को तोड़ने पर विवश हो रहे हैं क्यों ? मित्रता करना कोई गलत बात नहीं है ।
  तीन से चार दशक पहले यानि सन 70 व 80 के दशक में भी एक दौर था मित्रता का। तब उसे नाम दिया गया था pen friendship अर्थात पत्र मित्रता । शायद सदी का स्वर्णिम युग कहा जा सकता है उस दौर को । जब लोग एक-दूसरे को बिना-जाने व समझे दोस्त बन जाया करते थे । जिसमें स्वस्थ मानसिकता की बात होती थी । जहां तक मैं समझता हूँ इन लाइनों को पढ़ने वालों में से आप ने भी जरूर पत्र-मित्रता की होगी। यह बात मैं  डंके के चोट पर कह सकता हूँ । क्यों कि वह दौर ही ऐसा था।
70-80 के दशक में दोस्त बनाने का तरीका भी बहुत सरल होता था। क्यों कि उन दिनों देश में कुछ ही पत्र-पत्रिकाएँ निकलती थीं । जिनमें प्रमुख थीं धर्मयुग ,साप्ताहिक हिंदुस्तान ,(यह सब पारिवारिक पत्रिकाएँ होती थीं ,जो लगभग हर दूसरे घर में पाईं जाती थीं।)। राजनीति में रुचि लेने वाले दिनमान पढ़ते थे । फिल्मी पत्रिकाओं में माधुरी,मायापुरी (हिन्दी) एवं अँग्रेजी में फिल्म फेयर । इन पत्रिकाओं में से एक पत्रिका हर हिन्दी भाषी परिवार में जरूर पाई जाती थी।
    बच्चों का अपना संसार होता था ,उनके अपने खेल होते थे ,आज की तरह मोबाइल व कंप्यूटर तो होता नहीं था। जिस बच्चे में परिवार वालों को जरा सी भी पढ़ने-लिखने की ललक दिखाई देती, उसके घर वाले उसे बाल  पत्रिकाएँ जरूर उपलब्ध करवाते । वे पत्रिकाएँ थीं चंपक, चंदामामा,पराग एवं मधु मुस्कान आदि। जिसको पढ़ने की ललक लगभग हर बच्चे में होती थी। जब पढ़ते थे तो उनमें कुछ लिखने की ललक भी होती। जब लिखा तो सोचते कि अगर मेरी यह रचना कहीं छप जाए फिर क्या बात ? कुछ लोगों कि छपती भी थी। छपने के बाद लिखने की ललक भी बढ़ती जाती। चलते-चलते यह भी बताता चलूँ कि उस दौरान की पत्रिकाओं में तो बच्चों का कम से कम एक पन्ना तो होता ही था,वहीं साप्ताहिक ,पाक्षिक पत्रिकाओं में भी बच्चों का पूरा ख्याल रखा जाता था ।
   उन दिनों चंपक, चंदामामा,पराग एवं मधुमुस्कान आदि पत्रिकाओं में पेन-फ्रेंड का एक कालम भी छपता था। जिसमे देश के कोने-कोने में रहने वाले पाठकों की फोटो के साथ उनका पता,रुचि उम्र भी छपी होती थी। जिसे पढ़ कर बच्चा अपने हम उम्र को पोस्ट कार्ड लिख कर दोस्त बनाते । यही दोस्ती घनिष्ठता में बदल जाती । बाद में लोकप्रियता को देखते हुए कुछ अँग्रेजी की पत्रिकाओं में भी छपने लगा , जिससे उस समय के युवाओं में भी रुचि बढ़ी।
     तब मित्रता के पीछे कोई लाग-लपट नहीं होते थे। उस दौरान मैं ने  भी कई पत्र-मित्र बनाए थे ।उनमें से काइयों का तो पता नहीं ,फिर भी कुछ लोग आज भी संपर्क में हैं । उन दिनों के मित्रों में आज एक मित्र देश के एक बड़े अखबार के प्रधान संपादक भी हैं , तो एक मित्र ने  विभागाध्यक्ष पद से हाल ही में अवकाश ग्रहण किया है। खैर साहब उन दिनो जब दोपहर  में पोस्ट मैन आ कर कोई पोस्ट कार्ड या अंतर्देशीय पत्र देता तो उस वक्त की खुशी को व्यक्त नहीं किया जा सकता। घर में घुसते  ही अम्मा से पूछते कोई चिट्ठी आई है क्या?  किसी -किसी दिन तो अम्मा सामान्य सा जवाब देतीं कि आई है ,उधर मेज़ पर रखी है, लेकिन किसी-किसी दिन खीज कर कहतीं ,हाँ उस डाइन की आई है । इसका भी एक कारण था कि मेरे दोस्तों की सूची में अधिकांश महिला मित्र ही रहीं होंगी ,जिनका  उल्लेख सांकेतिक रूप में आगे करूंगा । हाँ तो कह रहा था कि कभी-कभी अम्मा का गुस्सा भी फूट पड़ता था, धमकाते हुए कहती थीं कि आने दो तुम्हारे बाबू को ,सब बताती हूँ उन्हे ,कि कितना पढ़ाई में मन लगा रहे हो। इस पर उन्हें मनाने का प्रयास करता ,उनके पैर भी दबाता …. आखिर माँ तो माँ ही होती है,मान भी जाती थीं ।
   मित्रों की सूची में बिहार , मध्य प्रदेश, राजस्थान, पश्चिम बंगाल आदि के साथ-साथ हंगरी नेपाल के भी मित्र होते थे। लेकिन कुछ ही मित्रों से अधिक दिनों क्या,सालों  तक पत्रव्यवहार भी चला । काफी घनिष्ठता भी हो गई । मेरी एक मित्र पटना से थीं, किस पत्रिका के माध्यम से दोस्ती हुई थी पता नहीं ,लेकिन इतना याद है कि सन 1978 में दोस्ती हुई थी जो सन 1986 तक चली,उसके बाद नौकरी में जो लगा तो सब कुछ इधर -उधर हो गया । वैसे इस दोस्ती को परिवार के अधिकांश लोग जानते भी थे, रह-रह कर मज़ाक भी उढ़ाया करते । मेरे एक मामा -मामी थीं (जो अब इस दुनिया में नहीं हैं), वह अक्सर अम्मा से कहती कि जिया  (अम्मा को) इसका (मेरा नाम लेकर)  ब्याह उस पटना वाली से क्यों नहीं कर देतीं ।इस पर अम्मा बड़े गर्व से कहतीं कि वहीं होगा ,जहां मैं चाहूंगी। इसका एक कारण भी था कि अम्मा के विश्वास को ठेस नहीं पहुंचाना चाहता था । उसके पीछे भी कई कारण थे,जिसका उल्लेख नहीं कर सकता । बातों -बातों में मैंने अम्मा से कह रखा था कि आप जहां चाहोगी वहीं करूंगा । इस बात को मैं ने गर्व के साथ निभाया भी। इसके अलावा अपनी दोनों बहनों एवं छोटे भाई को अधिकार दे दिया था कि आप लोग जहां चाहो कर देना । हुआ भी वही 1986 में बनारस से प्रकाशित हिन्दी दैनिक आज से नौकरी शुरू की । नौकरी के चक्कर में , युवा मन था उछल-कूद मचाते हुए कई प्रदेशों में काम  किया। उधर व्यस्तता के चलते पत्र व्यवहार में दूरिया बढ़ती गईं । लगभग समाप्त सी हो गई। यहाँ पर एक बात और बताता चलूँ कि 1992 के शुरुवात में जब मेरी इंगेजमेंट हुई तो मैं उस समय गुरुग्राम (तब वह गुड़गाव कहलाता था।)में जनसंदेश अखबार में कार्यरत था । यह जानकारी तो मुझे तब पता चली जब में 26 जनवरी के अवकाश में घर पहुंचा ।तो इस बात को बताया गया कि तुमहार शादी तय कर दी है , 27 फरवरी को होना निश्चित हुआ है ।  इस साहस के लिए मैं अपनी पत्नी के आत्म संबल का भी दाद देता हूँ, जिन्हों ने बिना मुझे देखे अपनी स्वीकृति दे दी थी, आज का समय होता तो शायद यह संभव ही नहीं होता । लगता है शायद बहक रहा हूँ …
   हाँ तो बात पटना वाली मित्र की कर रहा था , इसके पीछे भी एक मज़ेदार घटना मेरे साथ घटी ,जिसका उल्लेख भी जरूरी समझता हूँ। पत्रव्यवहार के सिलसिले को लगभग पाँच साल तो हो ही गाये थे, इधर बनारस में ही बी ए तथा एम ए भी कर चुका था, अब बच्चा तो रहा नहीं , बड़ा हो चुका था। नौकरी की तलाश शुरू हो चुकी थी, बाबू (पिता जी ) चाहते थे कि सरकारी नौकरी में जाऊँ । उसके लिए रेलवे ,बैंक के साथ-साथ प्रदेश की अधीनस्थ सेवाओं की भी परीक्षाएँ देने लगा । उसी दौरान बिहार संघ लोक सेवा आयोग का फार्म भरा , सेंटर पड़ा बिहार शरीफ (नालंदा जिला का मुख्यालय)। तब तो फोन आदि हुआ नहीं करते थे ,पत्र द्वारा मित्र को सूचित किया कि फलां तारीख को पटना आ रहा हूँ ,वहाँ से बिहार शरीफ जाना है, सप्ताह भर बाद उत्तर आया कि प्रदीप जाते समय कुछ समय के लिए घर भी आओ ,सभी लोग मिलना चाहते हैं । अब तारीख तो याद नहीं है ,लेकिन निर्धारित दिन पटना पहुंचा। पहली बार फ़ैज़ाबाद/बनारस के बाहर निकाला था, यात्रा भी अकेले की थी। खैर साहब पटना पहुंचा , सामान स्टेशन के रिटायरिंग रूम में जमा किया। और निकल पड़ा मित्र से मिलने गंतव्य की ओर । रिक्शे वाले से बात की ,वह लेकर चल पड़ा । पता पूछते-पूछते कदम कुआं पहुंचा। जो पता मेरे मित्र का था उसी से मिलता जुलता पता स्व फणीश्वर नाथ रेणु जी का भी था, उनका निधन काफी पहले हो चुका था। उस घर में उनकी दूसरी पत्नी लतिका रेणु जी रहती थीं। दोपहर का समय था, रिक्शा वाले ने कहा कि यही मकान है । मैं रिक्शे से उतर कर वहाँ पहुँच और दरवाजा खटकाया , थोड़ी देर में सफ़ेद खद्दर की धोती में एक महिला निकली , जिनसे मैं ने मित्र के परिवार के बारे में जानकारी जाननी चाही तो उन्हों ने पता देख कर कहा कि यह यहाँ का नहीं है , तुम राजेन्द्र नगर चले जाओ, वहाँ पर रोड नंबर आठ पूछ लेना ,बता देंगे ,जिनका पता यह है वह पटना यूनिवर्सिटी में होते थे …….. । में वापस होने के लिए मुड़ा ही था कि लतिका जी ने कहा रुको, इतनी धूप में आए हो, ठंडा पानी पी कर जाओ। में ने एक गिलास पानी पीया और मित्र के घर की ओर रवाना हो गया । (इस बात का उल्लेख इस लिए कर रहा हूँ कि इस वर्ष स्व फणीश्वर नाथ रेणु जी की जन्म शताब्दी मनाई जा रही हे।)
    सूरज देवता ठीक सर के ऊपर ,घर खोजते-खोजते गंतव्य तक पहुँच ही गया ,जहां मित्र के घर वाले इंतज़ार भी कर रहे थे । क्यों कि दोपहर का खाना भी बना रखा था। खैर साहब खाना खाया ,देर शाम तक परिवार वालों के साथ बातें भी होती रहीं। सुबह नालंदा में बीपीएससी की परीक्षा भी देनी थी। सो वहाँ से चल कर देर रात नालंदा पहुंचा । इस तरह से आना जाना बराबर बना रहा । हम लोग घनिष्ठ मित्र भी हो गए थे। उस समय कुछ ही शिक्षा संस्थानों में होम साइंस में स्नातक पाठ्यक्रम होते थे, उसने पटना महिला महाविद्यालय से होम साइंस में आनर्स ले लिया था । इधर बनारस हिन्दू विश्व विद्यालय में भी होम साइंस में आनर्स था ही । किताबों की जरूरत होती तो मुझे पत्र से सूचित करती, मै बीएचयू से जुगाड़ (यही कहूँगा,क्यों कि वहाँ मेरे परिवार का तो कोई होम साइंस से पढ़ नहीं रहा था। मैं काशी विध्यापीठ  में छात्र राजनीति करता था) कर उसे उपलब्ध कराता । फिर भी समस्या यह थी कि पटना तक पहुंचाई कैसे जाय। कभी रजिस्टर्ड डाक से भेज देता,लेकिन वह बहुत महंगा पड़ता था उन दिनो ,ऊपर से बेरोजगार तो था ही ,नौकरी खोजी ही जा रही थी। बाबू के पास भी तो इतना नहीं था कि जेब खर्च के नाम पर कुछ मिलता रहा हो। मित्र थी तो किताबें पहुचना भी था । काशी विध्यापीठ (जिसके आगे अब महात्मा गांधी जी का नाम जोड़ दिया गया है।) मेरे एक सहपाठी थे , जिनके पिता जी उन दिनों पटना के सर्वोच्च पुलिस अधिकारी थे । वह या उसके परिवार के लोग अक्सर आया-जाया करते थे , जिनके माध्यम से बाद में भेजने लगा । लेकिन इसके बदले में वह मित्र बराबर हर साल एक स्वेटर बीन कर भेजती रही ,  जिसे मैं चाव के साथ पहनता भी था। फिर तो यह सिलसिला चलता ही रहा । मित्र की बड़ी बहन की शादी का निमंत्रण आया तो उसमे भी में शामिल हुआ। उसके साथ अंतिम मुलाक़ात मेरी तब हुई थी जब 1989 में मैं गुवाहाटी के एक दैनिक अखबार को छोड़ कर पटना होते हुए दिल्ली दूसरे अखबार में जा रहा था। स्टेशन पर उसके साथ भाई,बहन सभी मिलने आए थे,यहाँ तक कि रास्ते का खाना भी दिया था ,क्यों कि ट्रेन दूसरे दिन सुबह दिल्ली पहुचने वाली थी। बस वही अंतिम मुलाक़ात कही जा सकती है। क्यों कि उसके बाद में अपने घर गृहस्थी में मसगूल हो गया , और वह अपने । मुलाक़ात तो नहीं हुई पर वह आज कल बिहार के एक यूनिवर्सिटी में किसी विभाग में विभागाध्यक्ष हैं । संभवत: एक-दो साल में रिटायरमेंट भी हो।
      इसी तरह मेरे एक पत्र मित्र थे जयपुर के । जिनके हाथ की कला देखते बनती थी, वह हर पत्र के साथ एक भवन का स्केच बना कर भेजते । सच बोलूँ गज़ब का होता था वह स्केच । आज अगर वह सम्हाल कर रखा होता तो आलीशान भवन बनवाने वाले को जरूर दे देता। लेकिन समय के आगे किसी की नहीं चली न। काफी दिनो तक पत्रव्यवहार चलता रह,बाद में वह भी बंद हो गया । एक नेपाली मित्र थे,  बिनदेशवर प्रसाद गुप्ता जी। सुनसारी नेपाल के थे , अक्सर बुलाया करते कि आइये घूम जाइए, तब नेपाल मुझे लंदन लगता था। कल ही एक फाईल में उनकी विजय दशमी की शुभकामनाओं की ग्रीटिंग मिल गई। यह बात सन 1978 की है । उनका पता मिला है कोशिश करूंगा उनके बारे में पता करने का । मध्य प्रदेश के इंदौर से एक मित्र थीं ,जिनके मामा का बनारस में काफी बड़ा होटल भी है । काफी दिनों तक पत्राचार चलता रहा ,बाद में वह भी खत्म सा हो गया । हाँ एक मित्र का जिक्र जरूर करना चाहूँगा जो हंगरी की राजधानी बुडापेस्ट से थी , नाम था ब्राजीटा । ब्राजीटा से लगभग पाँच-छह साल तक पत्राचार होता रहा । तब वह देश कितना विकसित रहा होगा यह में आज भी सोचता हूँ। जिस कागज़ पर उसका पत्र होता था ,वह इतना महीन कि लगता था कहीं फट न जाए। लेकिन साहब कितना मजबूत कागज़ होता था ,मैं कह नहीं सकता। उस पर से लिखाई इतनी गजब कि की पूछिये मत। तब वह अक्सर कुछ न कुछ पत्र में भेजती रहती थी । मसलन नेम प्लेट आदि। इतना महीन की क्या बताऊँ , काफी दिनों तक था वह मेरे पास।
   अब जाने दीजिये जनाब ,आप भी बोर हो रहें होंगे । पर इतना तो मानना ही होगा कि वह दोस्ती वास्तव में दोस्ती होती थी जिसमे किसी प्रकार का स्वार्थ नहीं होता था । जिसे निःसन्देह मित्रता कही जा सकती है । अगली बार कुछ और अनुभवों के साथ।

काशी का ‘नाच घर’: जहां खेला गया था हिन्दी का पहला नाटक

काशी के नाचघर की परिकल्पना चित्रकार द्वारा
जानकी मंगल में लक्ष्मण बने थे भारतेन्दु हरिश्चंद्र















                                                   डॉ प्रदीप श्रीवास्तव
आज 3 अप्रैल है ,हिन्दी रंगमंच की दुनिया का स्वर्णिम दिन। आज के ही दिन आज से 152 साल पहले साहित्य एवं शिक्षा की नगरी काशी ,जिसे आज वाराणसी और बनारस के नाम से भी जानते है । जहां पर पहला हिन्दी नाटक खेला गया था। इस लिए आज की तारीख केवल एक तिथि भर ही नहीं है बल्कि आज के दिन को हिन्दी रंगमंच दिवस के रूप में भी जाना जाता है । चैत्र शुक्ल 11,सं 1925 अर्थात 3 अप्रैल 1868 को पंडित शीतला प्रसाद त्रिपाठी जी के लिखे नाटक “जानकी मंगल” को वाराणसी में अंग्रेज शासकों के ‘एसेम्बली रूम्स एंड थियेटर’ या यूं कहें “नाच घर” (जिसे आज बंगला नंबर 25A/B के नाम से जाना जाता है ।) में खेला गया था । इस दिन की दूसरी विशेषता यह भी है की इस नाटक में लक्ष्मण की भूमिका स्वयं भारतेन्दु हरिश्चंद्र ने अदा की थी ।
मिले दस्तावेजों के मुताबिक 3 अप्रैल सन् 1868 को पं. शीतला प्रसाद त्रिपाठी रचित ‘जानकी मंगल’ नाटक का अभिनय ‘बनारस थियेटर’ में आयोजित किया था। कहते हैं कि जिस लड़के को लक्ष्मण का अभिनय पार्ट करना था वह अचानक उस दिन बीमार पड़ गया ।तब लक्ष्मण के अभिनय की समस्या पैदा हो गई। इस बात से इंकार नहीं किया जा सकता कि यदि उस दिन  भारतेन्दु हरिश्चंद्र  स्थिति को न सँभालते तो नाट्यायोजन स्थगित करना पड़ता। भारतेन्दु जी ने एक-डेढ़ घंटे में ही न केवल लक्ष्मण की अपनी भूमिका याद कर ली अपितु पूरे ‘जानकी मंगल’ नाटक को ही मस्तिष्क में जमा लिया । केवल इतना ही नहीं  भारतेन्दु जी ने अपने अभिजात्य की परवाह नहीं की। पता हो कि उन दिनों उच्च कुल के लोग अभिनय करना अपनी प्रतिष्ठा के अनुकूल नहीं समझते थे। इस प्रकार इस नाटक से भारतेन्दु ने रंगमंच पर सक्रिय भाग लेना आरम्भ किया। इसी समय-उन्होंने नाट्य-सृजन भी आरम्भ किया। उस समय इंग्लैंड के एलिन इंडियन मेल के 8 मई 1868 के अंक में उस नाटक के मंचन की जानकारी भी प्रकाशित की गई थी । प्रथम अभिनय के विवरण का उल्लेख आचार्य रामचन्द्र शुक्ल ने ‘हिंदी साहित्य का इतिहास’ में भी किया है । इसी  आधार पर डा.शरद नागर ने ब्रिटिश म्यूजियम,लन्दन से ‘एलेन्स इन्डियन मेल’ के उक्त समाचार की प्रतिलिपि मंगायी और ‘धर्मयुग’ में प्रकाशित अपने लेख में इस तिथि की पुष्टि की .इसे प्रमाण मान कर 1968 में नागरी प्रचारिणी सभा,काशी  तथा हिंदी क्षेत्र की सांस्कृतिक-साहित्यिक संस्थाओं ने हिंदी रंगमंच की शतवार्षिकी मनायी .यह बात अलग है कि  हिंदी की बोलियों में लोकनाट्य की परंपरा बहुत पुरानी है. वहीं दूसरी अहम बात यह भी है कि जहां पर इस नाटक को  खेला गया था उस जगह की खोज काशी के वरिष्ठ रंगकर्मी  स्व डॉ कुँवर जी अग्रवाल ने की थी । इस लिए इसे ही प्रमाणित तिथि मानकर ही इस दिन को हिन्दी रंग दिवस के रूप में स्वीकारते हुए 1968 में :”हिन्दी रंग दिवस  शताब्दी “वर्ष मनाया गया था ।
लेकिन दूसरी तरफ कुछ लोग इस मामले पर हस्तक्षेप करते हुए यह भी कह रहे हैं कि सन 1533 में नेपाल के भाटगाँव में “विद्याविलाप “ नमक हिन्दी नाटक खेला गया था। जबकि  कुछ लोगों का यह भी कहना हे कि  सन 1850 से 1860 के बीच लखनऊ में “इंद्रसभा” और नवाब वाजिद अलीशाह के “किस्सा राधा कन्हैया” का मंचन हुआ था। बताते हैं कि उन्हीं  दिनों मुंबई (तब बंबई कहा जाता था)में सांगलीकर नाटक मंडली ने “ गोपीचंदो पाख्यान “ (ओपेरा) का मंचन किया था । बात जो भी हो इस बात से इंकार नहीं किया जा सकता कि हिन्दी रंग मंच की शुरुआत काशी(वाराणसी) से हुई थी। यहीं पर शीतला प्रसाद त्रिपाठी और भारतेन्दु हरिश्चंद्र जैसे रंगकर्मी और नाटककार हुए ।  इसी  काशी की भूमि पर “अंधेरनगरी” एवं “जनकीमंगल” जैसे नाटक लिखे गए।   
‘एसेम्बली रूम्स एंड थियेटर’ अर्थात नाचघर वाराणसी शहर से लगभग छह किलोमीटर की दूरी पर है । जी छावनी एरिया के अंतर्गत आता है । उस जगह को बाद में ‘बनारस थियेटर ‘ नाम दिया गया था । उसी  बनारस थियेटर के बंगला नंबर 25 ए/बी में अब काफी कुछ बदलाव हो चुका है । 80 के दशक तक इस भवन को निजी तोर पर इस्तेमाल किया जा रहा था ,बाद में 90 के दशक में नलकूप विभाग का कार्यालय बना दिया गया । बताते हें कि आजकल एक कालीन निर्माता के आयात-निर्यात का शोरूम बन गया है ।
एक नज़र नाचघर पर :
1868 में जिस जगह पर पहला हिन्दी नाटक घर खेला गया था, वह अंग्रेजों का नाच घर हुआ करता था ,जहां सूरज ढलते ही वे अपनी बीबियों के कमर में हाथ डाले नाचा करते थे। बताते हें की इस इमारत का निर्माण 1814 में हुआ था जो भारत में ब्रिटिश वास्तु कला का दूसरा प्रतीक था । पहला कोलकता के चौरेंगी लेन स्थित नाचघर थियेटर था। काशी के नाच घर की ऊंचाई 32 फीट थी,जिसमें सैकड़ों लोग एक साथ बैठ कर मनोरंजन का आनंद लेते थे। हाल से लगा उनका टेनिस कोर्ट था ,जहां पर अन्य गतिविधियां होती रहती थीं । दस्तावेजों के मुताबिक इस नाचघर में 1890 तक नाटकों का मंचन हुआ करता था।उसके बाद एक नीलामी में वर्तमान दावेदार ब्रज कुमार दास के बाबा जिनका  भी नाम ब्रज कुमार दास ही था ,ने ले लिया था । काशी के रंगकर्मियों ,रचनाकारों को चाहिए कि सरकार से इस ऐतिहासिक धरोहर को बचाने का प्रयास करें । नहीं तो आने वाले दिनों में यह भी इतिहास के पन्नों में सिमट कर रह जाएगा ।
वाराणसी में नाटक और मैं :-
मैं ने कभी नाटक तो नहीं खेला ,लेकिन करवाया बहुत , वह भी ऐतिहासिक रूप में । सन 1976 से 1986 तक वाराणसी में शिक्षा के दौरान साहित्यिक एवं सांस्कृतिक संस्थाओं से काफी जुड़ा हुआ था , जिनकी विभिन्न गतिविधियों में भाग लेता था । इस दस साल के दौरान दो ऐतिहासिक नाटक वाराणसी में खेले गए । एक था जय शंकर प्रसाद जी की “गुंडा”,एवं दूसरा था विजय तेंदुलकर साहब की चर्चित नाटक”बेबी”।
पहले गुंडा की चर्चा : स्वतन्त्रता आंदोलन पर आधारित “गुंडा” नाटक की पृष्ठभूमि वाराणसी के आस-पास की है, जो  उस समय के नामी गुंडा नन्हकू सिंह के देश भक्ति पर आधारित थी । जिसक निर्देशन किया था उस समय के ख्यातिप्राप्त रंगकर्मी राम सिंह आज़ाद ने । कलाकारों में थे गोपाल जी ,अमरनाथ शर्मा ,सुरेन्द्र झा ,अरुण शर्मा ,विनय पाठक एवं एक मात्र महिला नेत्री थीं उस समय की सर्वाधिक लोकप्रिय भोजपुरी अभिनेत्री मधु मिश्रा। यह नाटक 1982 के जुलाई माह के प्रथम  सप्ताह में नगरी नाटक मंडली में खेला गया था । संस्था थी वसुंधरा ,जिसका मै मंत्री हुआ करता था। बताते हैं कि 1982 के बाद दोबारा इस नाटक का मंचन नहीं हुआ।
बात तेंदुलकर के “बेबी” नाटक की :
बात 1983 की है ,वाराणसी की एक साहित्यिक एवं सांस्कृतिक संस्था थी “आईना’’ । आईना ने प्रतिष्ठित रंगकर्मी विजय तेंदुलकर के सर्वाधिक विवादित नाटक ‘बेबी’ के मंचन का बीड़ा उठाया । महीनों रिहर्सल हुए , वाराणसी के नगरी नाटक मंडली को खेलने के लिए बुक भी कर लिया गया । नाटक का निर्देशन कर रहे थे युवा निर्देशक जितेंद्र मुग्ध । सारी तैयारियाँ पूरी हो चुकी थी ,बस चार दिन बाद नाटक का मंचन होना था तभी नाट्यकर्मियों को धमकियाँ मिलनी शुरू हो गईं कि मंचन रोक दो नहीं तो हम लोग नाटक की अभिनेत्री का अपहरण कर लेंगे और नाटक नहीं होने देंगे। क्यों कि नाटक में कई दृश्य आपत्तिजनक भी थे। खैर ,आयोजक मेरे पास आए और पूरी बात बताई । उन दिनों में काशी विद्यापीठ की छात्र राजनीति में सक्रिय भी था। मैने उन्हें आश्वासन दिया कि नाटक होगा। मेरे सामने भी एक खुली चुनौती थी कि कैसे इसको करवाया जाय । अचानक दिमाग में एक विचार आया ,और आयोजकों से कहा कि एक कम करो आप लोग। सेना के सबसे वरिष्ठ अधिकारी को मुखय अतिथि बनाओ । उन्होने ने बात मान  भी ली और सेना के एक वरिष्ठ अधिकारी को निमंत्रित भी कर दिया । निमंत्रण पत्र पर उनका नाम भी छाप गया ,साथ ही यह निर्देश भी की बिना निमंत्रण प्रवेश नहीं होगा। उधर नाटक वाले दिन उन अधिकारी महोदय से मिलकर सारी जानकारी दे दी थी और उनसे आग्रह किया था कि आप आने से थोड़ा पहले अपने जवानो को भेज दें ,जिससे वे केवल गेट पर खड़े हो जाएंगे । हुआ भी वही , सेना के जवानों को गेट पर देख कर बिना निमंत्रण वालों को प्रवेश नहीं मिला। समय पर सफलता के साथ नाटक का मंचन हो गया। कहीं कोई रुकावट नहीं आई। नाटक के कलाकार थे अतुल कुमार माला,गोपाल आदि। ये दो नाटक ऐसे थे जिसका मंचन (मेरी जानकारी मै) आज तक वाराणसी में नहीं हुआ । 

'इंग्लैंड-आयरलैंड' और 'अंटाकर्टिका एक अनोखा महादेश'

किताबें-2 श्रीमती माला वर्मा की दो किताबें हाल ही में मिलीं, 'इंग्लैंड-आयरलैंड' और 'अंटाकर्टिका एक अनोखा महादेश' ,दोनों ह...