रविवार, 30 मई 2021

30 मई हिन्दी पत्रकारिता दिवस पर ............


हिन्दी के पत्र-पत्रिकाओं की दिशा,दशा और दुर्दशा

   डॉ प्रदीप श्रीवास्तव 

आज तीस मई है ,जिसे हम-आप हिन्दी पत्रकारिता दिवस के रूप में मानते आ रहे हैं , कारण कि इसी दिन आज से 195 साल पहले 1826 में कलकत्ता से हिन्दी का पहला साप्ताहिक अखबार 'उदन्त मार्तंड'  उत्तर प्रदेश के उन्नाव के रहने वाले पंडित युगल किशोर शुक्ल ने निकाला था । लेकिन उदन्त मार्तंड से पहले भी एक हिन्दी पत्रिका  का प्रकाशन शुरू हो चुका था । जिसका नाम "गास्थल मैगजीन ' था । जिसका  प्रकाशन 'उदन्त मार्तंड' से भी छह साल पहले यानि 1820 में हुआ था । मज़े की बात यह है कि इसका भी प्रकाशन कलकत्ता से ही हुआ था । यह मासिक पत्रिका थी । लेकिन हिन्दी दैनिक की बात करें तो उदन्त मार्तंड के प्रकाशन के ठीक 28 साल बाद 8 जून 1854 को कोलकाता से ही द्विभाषिक दैनिक 'समाचार सुधावर्षण' का प्रकाशन शुरू हुआ था । यह अखबार बांग्ला एवं हिन्दी भाषा में था। इस अखबार की विशेषता यह थी कि इसके मास हेड अर्थात मत्थे (अखबारी भाषा) पर अखबार का शीर्षक पहले हिन्दी में तथा उसके नीचे बांग्ला में लिखा होता था । कहने का मतलब वरीयता हिन्दी को ही दी गई थी । यह वह समय था , जब कि वहाँ से पहले ही तीन दैनिक अखबारों का प्रकाशन उनकी भाषा में हो रहा था। इस बीच बांग्ला भाषी बाबू श्याम सुंदर सेन ने वहाँ रह रहे हिन्दी भाषियों की खबरों की भूख को मिटाने के लिए निकाला था ।अखबार के संपादक संचालक वह स्वयं थे ,जबकि प्रबन्धक उनके भाई महेंद्रनाथ सेन हुआ करते थे । अखबार का कार्यालय बड़ा बाज़ार के गली नंबर 16 अर्थात कमलनयन की गली में स्थित मकान नंबर 10 में हुआ करता था । प्रपट दस्तावेजों के मुताबिक यह अखबार 1873 तक निकलता रहा । लेकिन इस अखबार का उपलब्ध अंतिम अंक 12 जून 1868 का है ।

     'समाचार सुधावर्षण' अखबार ने 1857 के विद्रोह की खबरें बराबर छापता रहा ,वहीं उस समय के अन्य दैनिक अखबार 'कंपनी सरकार' के 'कोप भजन' बनने से बचने के लिए विद्रोह के समाचारों से कतरा रहे थे । हो सकता है कि विद्रोहियों के समर्थन करने की वजह से तत्कालीन कंपनी सरकार ने 'समाचार सुधावर्षण' के उस दौर के अंकों व फाइलों को जब्त कर के नष्ट कर दी हो । अखबार की हिन्दी भाषा कोलकतिया है । जिसे भारतेन्दु काल के पूर्व विकसित हो रही खड़ी बोली का 'उसे' प्रतिनिधि नमूना माना जा सकता है।

  अगर भारतीय पत्रकारिता की बात करें तो 'पत्रकारिता के इतिहास' में 29 जनवरी की तारीख सबसे महत्वपूर्ण स्थान रखती है । क्योंकि आज (2021) से 241 साल पहले भारत में पहला अखबार प्रकाशित हुआ था । जिसका श्रेय इंगलेंड से भारत आए एक असन्तुष्ट अंग्रेज़ 'जेम्स आंगस्टन हिकी 'को जाता है । सन 1780 की तारीख थी 29 और दिन था शनिवार । इसी दिन कोलकाता से जेम्स आंगस्टन हिकी ने 'बंगाल गज़ट' नाम से अँग्रेजी दैनिक की शुरुवात की थी। जिसके हर पेज में तीन कलाम हुआ करते थे । यह चार पृष्ठों का मुद्रित अखबार था। अखबार कि विशेषता यह थी कि उस समय इस अखबार में वे सारे स्तम्भ हुआ करते थे ,जो आज कल के अखबारों में नियमित होते हैं । जैसे गुमशुदा की तलाश,साहित्य और सांस्कृतिक समाचार,विज्ञापन ,युद्ध और शांति की खबरें,नीलामी आदि की सूचनाएँ ।

समय बदला ,पत्रकारिता के मापदंड बदले । दिन प्रति दिन तकनीकी बदली । 21वीं सदी में तो पत्रकारिता का पूरा इतिहास ही बदलता नज़र आने लगा है। लेकिन इस दौरान हिन्दी पत्रकारिता के पतन का भी संकेत मिलने लगा है। पिछले तीन दशकों में न जाने कितनी प्रतिष्ठित हिन्दी की पत्र-पत्रिकाएँ 'काल के गाल' में समा गईं । ये वे पत्र-पत्रिकाएँ थी जिनका संचालन देश के बड़े-बड़े पूँजीपतियों द्वारा किया जा रहा था । लेकिन इसके पीछे उनकी दलील थी कि हिन्दी की पत्र-पत्रिकाएँ घाटे में होने के कारण बंद करनी पड़ीं । जो सीधा-सीधा सफ़ेद झूठ की तरह है । इन पत्र-पत्रिकाओं के बंद होने के पीछे तथाकथित संपादकों का भी बहुत बड़ा योगदान रहा है, जिन्हों ने अपनी बंद जुबान तक नहीं खोलीं। सारा दोष पाठकों पर थोप दिया गया कि विकसित होती सूचना तकनीकी के कारण पाठकों की संख्या में निरंतर गिरावट आ रही है । अगर आप पिछले तीस सालों के आंकड़ों (सरकारी) को देखें तो हिन्दी पाठकों की संख्या मैं निरंतर वृद्धि ही हुई है ,कमी नहीं। आज हिन्दी भाषा केवल भारत कि राष्ट्र भाषा ही नहीं रह  गई है , अपितु विश्व की संपर्क भाषा बन चुकी है । सरकारी ,गैर सरकारी स्तर पर दुनिया भर में न जाने कितने कार्यक्रमों का आयोजन होता रहता है । इस कोरोना जैसी महामारी के दौरान विश्व स्तर पर न जाने कितने वेबिनरो का आयोजन हुआ , हो रहा है। जो हिन्दी भाषा में ही हुए व हो रहे हैं , ऐसे कई वेबिनरों में मैं ने स्वयं शिरकत की है । इसके बावजूद यही कहा जाता है कि हिन्दी पाठकों कि संख्या कम हो रही है ,यह बात मेरी समझ से परे है । आज सात दशक बाद भी हम लोग अँग्रेजी की मानसिकता से बाहर नहीं निकाल सके हैं ,या फिर निकलना ही नहीं चाहते हैं ।यह एक यक्ष प्रश्न हिन्दी  पाठकों के सामने मुंह बाये खड़ा है ।

    हिन्दी की पत्र-पत्रिकाओं के बंद होने या यह कहें कि न चलाने के पीछे यही दलील दी जाती है कि हिन्दी की पत्र-पत्रिकाओं को विज्ञापन नहीं मिलता ? यह सब अपनी कमजोरी को छिपाने के पीछे की मनगड़ंत कहानियों का रचना संसार ही है केवल । विज्ञापनदाता को भी पता होता है कि विज्ञापन किसे देना चाहिए , लेकिन उस पर अँग्रेजी भाषा के पत्र-पत्रिकाओं के लिए अधिक ज़ोर दिया जाता है। यह एक सोचनीय प्रश्न सभी के सामने खड़ा है । जिसका समाधान जितनी जल्दी हो सके हम सभी को निकालना होगा । नहीं तो 'चिड़िया चुग गई खेत,अब पक्षताय का होत' वाली कहावत चरितार्थ हो जाएगी ।

    जहां तक मैं समझता हूँ आज देश भर से छोटी -बड़ी मिलकर हिन्दी में निकालने वाली पत्र-पत्रिकाओं की संख्या लाख मैं तो होगी ही । हिन्दी भाषी प्रदेशों को छोड़ कर लगभग हर गैर हिन्दी भाषी प्रदेश से कम से कम हिन्दी मैं दो दर्जन से अधिक पत्र-पत्रिकाएँ निकलती हैं। जिन्हें हम लघु पत्रिकाओं की श्रेणी रखते हैं । यह बात जरूर है कि ये पत्रिकाएँ अनियमितकालीन होती हैं ,लेकिन इनका पाठक वर्ग भी कम नहीं होता । ये पत्रिकाएँ लोगों के ज्ञान की आपूर्ति करती हैं ,जो गैर व्यवसायिक होती हैं । इन पत्रिकाओं की ओर न तो सरकार ध्यान देती है और न ही स्थानीय प्रशासन।

     अपने चालीस सालों के पत्रकारिता की यात्रा में हरियाणा से लेकर असम के साथ-साथ महाराष्ट्र , आंध्र प्रदेश ,तेलंगाना तक का सफर किया । रही रिपोर्टिंग की बात तो केरल ,पांडुचेरी ,गोवा एवं दामनदिव को छोड़कर पूरे देश में घूमकर रिपोर्टिंग की । यहाँ तक कि सुनामी के पहले व बाद में अंडमान निकोबार में भी । लेकिन कहीं भी मुझे नहीं लगा कि हिन्दी की उपेक्षा मिली हो । अंडमान निकोबार से भी हिन्दी मैं दैनिक अखबार के अलावा साप्ताहिक व पाक्षिक प्रकाशित होते हैं । अरे भाई उन्हें पाठक पढ़ते होंगे तभी तो निकाल रहे हैं न । तमिलनाडू व केरल जैसे राज्य जिसे ‘हिन्दी विरोधी राज्य’ कि संज्ञा मिली हुई है ,वहाँ से भी हिन्दी में पत्र-पत्रिकाएँ निकल रही हैं । हाँ विभाजित आंध्र प्रदेश से अभी तक किसी दैनिक के निकालने की सूचना नहीं मिली है । लेकिन इस राज्य में हिन्दी भाषियों की संख्या बहुत अधिक है । अगर कहें कि इस प्रदेश कि आर्थिक व्यवस्था की पूर्ति 60 प्रतिशत हिन्दी भाषी उधोगपति ही करते हैं । आंध्र प्रदेश से कट कर बने नव गठित राज्य 'तेलंगाना' की बात करें तो इन दिनों यहाँ से हिन्दी के दो बड़े अखबार निकल रहें हैं ,वहीं निजामाबाद जैसे छोटे से शहर से एक हिन्दी दैनिक का प्रकाशन होता है । लघु पत्र-पत्रिकाओं की बात छोड़ दें । महाराष्ट्र तो हिन्दी पत्रकारिता की जननी रही है । 18वीं व 19वीं शताब्दी हिन्दी के जीतने संपादक हुए,वे सभी महाराष्ट्र के ही थे । इस राज्य के लगभग हर तीसरे जिले से हिन्दी का एक अखबार निकलता ही है। मध्य प्रदेश ,बिहार ,हरियाणा ,हिमाचल प्रदेश ,असम (जहां से मेघालय ,त्रिपुरा ,अरुणाचल प्रदेश के लिए छप कर जाते हैं ) पश्चिम बंगाल ,उड़ीसा तक से हिन्दी मैं अखबार निकलते हैं । फिर हम कहते हैं कि हिन्दी के पाठक ही नहीं हैं ।

  आइये उत्तर प्रदेश की बात करें,यह प्रदेश जो प्रधान मंत्री बनाता है, जिसे हिन्दी राज्यों का मुखिया तक कहा जाता है । पत्र-पत्रिकाओं के मामले में यह राज्य देश के सभी राज्यों से कहीं अधिक धनिक है । जिनकी संख्या करते-करते आप थक जाएंगे , लेकिन कर नहीं पाएंगे । आप को जानकार हैरानी होगी कि केवल प्रदेश की राजधानी 'लखनऊ' से ही दस हज़ार (सूत्रों के मुताबिक) से अधिक पत्रिकाएँ और अखबार प्रकाशित होते हैं । आखिर ये छाप कर कहाँ जाती हैं ,यह रहस्य आज तक शायद कोई समझ नहीं सका है या समझना नहीं चाहा । हाँ इनमें से काफी को सरकारी विज्ञापन भी मिलते हैं । वह भी दो-चार हज़ार के नहीं लाखों के । सरकार किसी की भी हो ,सूचना भवन में जुगाड़ वाली कुंडली जो बैठी है । इन अखबारों व पत्रिकाओं में से आप को बहुत सी बुक स्टालों पर मिल जाएंगी , लेकिन वे सरकारी विज्ञापनहीन ही होंगी । क्यों कि उनकी पहुँच उक्त भवन में बैठे आला आकाओं तक नहीं होती । इस लिए वे सरकारी सुविधाओं से आज तक वंचित हैं। 

(8 जून को पहले हिन्दी अखबार 'समाचार सुधावर्षण' की कहानी )   

 

रविवार, 2 अगस्त 2020

आज ही निकला था मराठवाड़ा से

पहला हिन्दी दैनिक "देवगिरि समाचार"

आज 3 अगस्त,  आज से 28 साल पहले आज के ही दिन 1992 में महाराष्ट्र की पर्यटन नगरी औरंगाबाद से मराठवाड़ा का पहला हिंदी दैनिक प्रकाशित हुआ था " देवगिरि समाचार " (जहां तक मेरी जानकारी है)।जिसका शुभारंभ तत्कालीन प्रधानमंत्री  स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेई जी ने किया था , यद्यपि यह अखबार  अधिक समय तक तो नहीं चल पाया (कारण प्रबंधन की राजनीति)।  अखबार का संचालन कर रहा था संघ परिवार से जुड़ा देवगिरी प्रतिष्ठान।1जून 999  मैं अखबार बंद हो गया। यद्यपि मैं अखबार के उद्घाटन के बाद जुड़ा , लेकिन इतना तो कह सकता हूं कुछ ही दिनों में अखबार ने  पूरे मराठवाड़ा में अपनी पहचान बना ली थी। खैर यह  मालिकों व  संस्थानों के हाथ में होता है जो चलाएं या न चलाएं ।  परंतु इस बात को  मैं गर्व से कह सकता हूँ कि  पत्रकारिता की बहुत सी बारीकियों को मैं ने इसी अखबार से सीखा ,समझा  और जाना ।यही वह अखबार  है  जिसके माध्यम से मुझे उस समय के प्रतिष्ठित राजनीतिज्ञों  के संपर्क में आने का मौका भी मिला, जो मेरे लिए अविस्मरणीय हैं ।जैसे प्रमोद  महाजन ,गोपीनाथ मुंडे ,रज्जू भैया आदि तमाम लोग हैं जिनके नाम तो याद नहीं आ रहे हैं पर उनका आशीर्वाद जरूर मिला ।         

  इसी अखबार के माध्यम से 1996 में  जब मैं  श्री वाजपेयी  जी ( जो उस समय भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष होते थे और राष्ट्रीय बैठक में भाग लेने जलगांव आए थे) से अपने  नियत  अनुसार उनसे  औरंगाबाद के सरकारी विश्राम गृह में साक्षात्कार लिया था ।सच वह साक्षात्कार मेरे लिए एक दस्तावेज की तरह है ।उस साक्षात्कार में मैंने  बाजपेई साहब से पूछा था की कश्मीर में धारा 370 क्यों नहीं हटाई जाती । इस पर उन्होंने बड़े संक्षिप्त में जवाब दिया कि यह तकनीकी कारण है ,जिसे हटाना बहुत मुश्किल होगा ।लेकिन उन्होंने उस तकनीकी कारण का उल्लेख सार्वजनिक ना करने के उद्देश्य नहीं बताया। इसी तरह यह  साक्षात्कार  मेरे लिए जो दस्तावेज है वह है कि जब मैं साक्षात्कार के लिए गेस्ट हाउस पहुंचा तो प्रमोद महाजन जी वहीं बैठे थे, क्योंकि वह देवगिरि  प्रतिष्ठान से  जुड़े थे और उन्होंने मेरा परिचय कराते हुए कहा कि आप प्रदीप श्रीवास्तव हैं और देवनागरी समाचार के लिए बात करना चाहते हैं ।इस पर बाजपेई साहब ने अपनी  चिर परिचित मुस्कुराहट के साथ मुझसे पूछा कि श्रीवास्तव जी अभी अखबार बंद नहीं हुआ ? मैं आश्चर्यचकित होकर उनकी ओर देखने लगा तब वह मुस्कुरा कर बोले चौकने  की बात नहीं है , क्यों कि आज तक मैं ने  जितने अखबारों का फीता काटा है ,वह जल्द ही बंद हो गया है ।लेकिन यह अखबार  चल रहा है अच्छी बात है । उस समय उन्होंने कई अखबारों के नाम भी गिनाए थे ।

  देवगिरि  समाचार में मेरा एक लंबा समय बीता, इस दौरान मुझे रिपोर्टिंग का भी भरपूर मौका मिला चाहे वह 6 दिसंबर 1992 की अयोध्या घटना हो या फिर सितंबर 1993 में लातूर जिले के किल्लारी में भूकंप या फिर औरंगाबाद की विमान दुर्घटना । पत्रकारिता के कई पहलुओं को मैंने  इसी अखबार से सीखा और जिन से सीखा उनमें महत्वपूर्ण नाम है डॉक्टर भगवान दास वर्मा (अखबार के पहले संपादक) बाद में  श्री मुजफ्फर हुसैन साहब, बड़े भाई  मित्र  सहयोगी  आदरणीय अनिल सोनी जी एवं आदरणीय मनोहर कुलकर्णी जी से।  (श्री सोनी जी एवं श्री कुलकर्णी जी की विशेषता यह है कि वह बहुत कम बोलते ,लेकिन उनकी लेखनी बोलती) ।पत्रकारिता का वह एक अलग दौर था ,तब आज की तरह की पत्रकारिता नहीं थी गला काट ।

3 अगस्त को अखबार शुरू हुआ था और मै ने 27 अगस्त को साहित्य संपादक के रूप में कार्यभार ग्रहण किया था। सितंबर के दूसरे सप्ताह में देवगिरि समाचार की पहला साप्ताहिक परिशिष्ट " खिड़की " निकाला था । चार पृष्ठ रंगीन । इसके पहले दिल्ली व सहारनपुर से प्रकाशित दैनिक ' जनसंदेश ' का साप्ताहिक भी मैं ही देखता था,इस लिए कोई दिक्कत नहीं हुई। यह जनसंदेश आज वाला नहीं था, इसके मालिक थे तत्कालीन उप प्रधानमंत्री स्व देवीलाल एवं उनके पुत्र ओम  प्रकाश चौटाला जी । बाद में यह अखबार भी राजनीति का कोपभजन बन गया ,परिवार वालों ने ही डूबो  दिया। खैर  इस अखबार की बात कभी और ...

खिड़की के पहले अंक को लोगों बहुत पसंद किया था। आप को लग रहा होगा कि अपने मुह मिट्ठू बनने वाली बात कह रहा हूँ, हो भी सकता हाए, 28 साल जो हो गए। साप्ताहिक  परिशिष्ट " खिड़की " का नाम खिड़की कैसे पड़ा इसकी भी रोचक कहानी है । उन दिनो औरंगाबाद इतना विकसित  नहीं हुआ था,जितना आज हो गया है । संपादकीय  विभाग में हम सभी 'नई उम्र के-नई फसल' की तरह थे। जहां तक मुझे याद आ रहा है सभी अविवाहित ही थे। इस लिए खाने की दिक्कत होती थी , लगभग सभी उत्तर भरतीय  । इस लिए महराष्ट्रियन खाना शुरू में पसंद नहीं आता था। अखबार का दफ्तर औरंगाबाद रेल्वे स्टेशन के पीछे ही था। सो सभी लोग पहला संस्कारण छपने के लिए जाने के बाद रेल्वे पटरी पर चलते हुए स्टेशन जाते और खाने के बाद वापस आ जाते। हमारे समाचार संपादक जी भी हमी लोगों के होते । एक दिन रास्ते में इसी बात पर चर्चा चल पड़ी कि साप्ताहिक परिशिष्ट का क्या नाम रखा जाय। बहुत सारे नामों की लिस्ट जुबान पर तैयार हुई इसी बीच यह पता चला कि औरंगाबाद का प्राचीन नाम ' खिड़की' था। बस सभी ने एक मत से इसी नाम पर अपनी मुहर लगा दी। दूसरे दिन प्रबंधन मण्डल को यह नाम सुझाया गया , जिन्होने अपनी सहमति प्रदान कर दी। इस तरह साप्ताहिक का नाम "खिड़की" पड़ा ।  

अभी तीन माह बीते भी नहीं थे कि दिसंबर का महिना आ गया , उधर गुलाबी ठंडक इधर अयोध्या क्या पूरे उत्तर भारत में कंपकापने वाली ठंड के बीच 'अयोध्या ' प्रकरण अपने उठान पर । कार सेवकों का अयोध्या मार्च । पूरे देश में इस बात की हलचल कि इस बार क्या होता है,वहाँ पर? खैर साहब 6 दिसंबर का वह दिन भी आ गया । रात में समाचार संपादक ने सभी से कह दिया था कि सुबह दस बजे तक कार्यालय पहुंचना है। तब तो इतने चैनल भी कहाँ थे, मात्र दूरदर्शन ही हुआ करता था। सभी नियति समय पर पहुँच कर अपने-अपने कामों में लग गए। तय हुआ कि अगर कुछ खास होता है तो डोफार का बुलेटिन निकाला जाएगा। यद्यपि आधी से अधिक तैयारी तो एक दिन पहले कर ली गई थी।

अभी बारह बज कर कुछ मिनिट ही हुए थे कि टीवी पर फलेश चला बाबरी मस्जिद का एक गुंबद करसेवकों के हुजूम ने गिरा दिया ई थोड़ी देर बाद ही टीवी भी बंद । देश की संचार सेवा थप कर दी गई। उधर टेलीप्रिंटर भी गड़गड़ाना बंद कर दिया। फोन सेवाएँ तो चालू थी ,लेकिन अयोध्या/फ़ैज़ाबाद की बंद। अब हम सबके सामने विकट  समस्या कि अखबार कैसे निकलेगा। तत्काल एक बैठक हुई प्रबंधन मण्डल की । जिसमें अयोध्या की खबरों का जिम्मा मुझे सौंपा गया। क्यों की मेरी भी तो जन्मभूमि हाए 'अयोध्या'। मै ने अयोध्या के पत्रकारों से संपर्क करना चाहा पर हो नहीं पा रहा था। तब किसी तरह मेरे बचपन के सहपाठी सरल ज्ञाप्रटे से संपर्क हुआ,जो उन दिनो  एक राष्ट्रीय  हिन्दी दैनिक अखबार के फ़ैज़ाबाद ब्यूरो प्रमुख थे। जिन्होने ने एक हाट लाइन का नंबर दिया, जिसके माध्यम से वहाँ की सारी खबरें हमलोगों को मिलती रही। मुझे वहाँ से पूरा आँखों देखा हाल बताया जाता रहा । कौन कहाँ खड़ा है ।

जैसे ही तीसरा गुंबद गिरा,जहां तक याद आ रहा है कि शाम के चार बजकर कुछ मिनिट हुए होंगे । पूरा विवादित स्थल मिट्टी में मिल गया । यह खबर मिलते ही देवगिरि समाचार का विशेष अंक चार पृष्ठों का बाज़ार में भेज दिया गया। कुछ ही घंटों में अहिंदी भाषी  क्षेत्र में हिन्दी का दस हज़ार अखबार एक रुपये में बिक गया। जो मराठवाडा के पत्रकारिता के इतिहास में दर्ज है आज भी। इधर औरंगाबाद की पूरे देश कर्फ़्यू तो लग ही गया था। इस बीच बहुत सी बातें भी हुईं जिन्हें सार्वजनिक नहीं किया जा सकता। क्यों कि पत्रकारिता का अपना भी एक मापदंड है।चलिए बहुत सी बातें हैं उस दौर की जिन्हें  एक पुस्तक के रूप में लिपिबद्ध करने का प्रयास करूंगा।  आज की और तब की पत्रकारिता में कितनी भिन्नता होती थी । एक बार पुनः आप सभी का आभार।



शनिवार, 27 जून 2020

34 साल पहले ...

"केसी होगी 21 वीं सदी की नारी ?" आज के संदर्भ में 
 डॉ प्रदीप श्रीवास्तव 
बात लगभग 34 साल पहले की है , मैं  काशी विद्यापीठ विश्व विद्यालय (महात्मा गांधी जुड़ गया है )  में पत्रकारिता का छात्र था , फाइनल परीक्षा दे चुका था ,बस रिजल्ट आने वाला था । उन दिनों प्रदेश क्या पूरे देश का सर्वाधिक लोकप्रिय दैनिक अखबार "आज " हुआ करता था ,जिसमें छपना अपने आप में एवरेस्ट की चोटी पर चढ़ने के समान होता था। जिसकी आधारशिला बाबू शिव प्रसाद गुप्त ने राखी थी , सम्पादन बाबु राव विष्णु राव पराड्कर, लक्ष्मी नारायण गर्दे जी जैसी विभूतियों ने किया था। तब 'आज' के सयुंक्त संपादक डॉ राम मोहन पाठक जी (आज कल दक्षिण हिन्दी प्रचार सभा चेन्नई के उप कुलपति हैं )हुआ करते थे । जो  विद्यापीठ पत्रकारिता विभाग के निदेशक भी थे। अचानक एक दिन उन्होने ने मुझे लहूराबीर अड़ी (मुंशी प्रेमचंद जी की प्रतिमा के सामने) पर देख लिया, जहां मैं अपने कुछ (उस समय के) उभरते साहित्यकारों,पत्रकारों के साथ खड़ा था, पास बुलाया, उनके पास पहुँचते ही परंपरा का निर्वाह करते हुए उनके चरण स्पर्श किए। एक बार तो उन्होने ने मुझे ऊपर से नीचे तक देखा ,फिर वहाँ खड़े होने का कारण पूछा , सामने गुरु जी ,बस इतना ही निकाला की 'सर चाय पी रहा था'। इतनी बात पर जो डांट  पिलाई कि पूछिये मत ,और वह आप को बता भी नहीं सकता ।
खैर साहब उसके बाद डॉ साहब ने कहा कि कल आफिस ( 'आज' के )में  मिलो । दूसरे दिन मैं निश्चित समय पर मिलने आज कार्यालय पहुंचा। उन्हो ने 'मुझे' आज के लिए एक परिचर्चा करने का निर्देश दिया। विषय था "केसी होगी 21वीं सदी की नारी"। इसके साथ ही काशी की कुछ संभ्रांत महिलाओं के संपर्क पते भी , और कहा कि मेरा नाम लेकर मिल लेना। इस परिचर्चा को तैयार करने में करीब-करीब  दो माह का समय लग गया । बाद में यह परिचर्चा "दैनिक आज" में ( 4मईएवं 11मई 1986 )दो भागों में प्रकाशित हुई थी । परिचर्चा को पढ़ें तो आप सोच भी नहीं सकते कि उस समय की विदुषी महिलाओं ने जो भी अपने विचार व्यक्त किए थे , वे आज 34 साल बाद भी हु-ब-हू सटीक बैठ रहें हैं । उन कल्पनाओं को में नमन करता हूँ। 

गुरुवार, 30 अप्रैल 2020

दस्तावेज़


अलकनंदा : 
‘उन्हीं के शहर के आबो हवा में उनका नाम नहीं’
डॉ प्रदीप श्रीवास्तव
     संगीत हो या नृत्य ,कला में जब तन्मयता का समावेश हो जाता है तब उसकी संप्रेषणीयता कई गुना बढ़ जाती है । नृत्यांगना के घुंघुरुओं की झंकार अपने प्रभाव से श्रोताओं और दर्शकों के चेहरों पर प्रतिक्षण चढ़ते-उतरते भाव से स्पष्ट कर देते हैं । फिर कत्थक की थिरकन पर तो मन भी थिरकने लगता है । 'कत्थक' का शाब्दिक अर्थ होता है 'कथा' कहने वाला । 'कत्थक' शब्द का उल्लेख ब्रह्म पुराण में भी मिलता है। यही नहीं महाभारत एवं महर्षि भरत द्वारा रचितग्रंथ 'नाट्य शास्त्र 'में भी कत्थक शब्द का उल्लेख है। अगर देखें तो "कत्थक नृत्य संपूर्ण जीवन को चित्रित करता हुआ सौंदर्य की सृष्टि करता है। नृत्य और नाट्य के सम्मिश्रण, कत्थक के सृजन ,संरक्षण और विनाश , इन तीनों के पहलुओं का प्रतिविम्ब दिखाता है ।

    कला,साहित्य एवं सांस्कृतिक की राजधानी कही जाने वाली काशी या बनारस ‘जिसे आज कल वाराणसी कहा जाता है,’ की थीं अलकनंदा । लेकिन आज वही अलकनंदा अपनी ही काशी की गलियों में न जाने कहाँ गुम हो गईं है,जिन्हें लोग जानते तक नहीं हैं । इतना ही नहीं अब तो वे इतिहास के पन्नों से भी मिटती जा रही हैं । यहाँ तक कि विकिपीडिया या फिर गूगल बाबा के पास भी कोई जानकारी उनके बारे में उपलब्ध नहीं है। बात केवल हिन्दी में ही नहीं अँग्रेजी में भी एक शब्द आप को नहीं मिलेगा। मिलेगा तो केवल इतना कि वह कत्थक नृत्यांगना सितारा देवी की बड़ी बहन थीं।
   19 वीं सदी के आरंभ में वाराणसी के कबीरचौरा मोहल्ले में उस समय के कत्थक नृत्य असाधारण मर्मज्ञ पंडित सुखदेव महराज के यहाँ अलकनंदा का जन्म हुआ था।अलकनंदा,तारा एवं सितारा तीन बहनें थीं । सुखदेव महराज स्वयं राजाओं- महाराजाओं के दरबार में नाच-गाकर अपनी कला का प्रदर्शन किया         करते थे। उनकी बड़ी इच्छा थी कि वह राजाओं के दरबारों में अपनी बेटियों के कला का भी प्रदर्शन करें । परिवार में नृत्य का माहौल होने के कारण अलकनंदा का इस ओर आकर्षित होना स्वाभाविक था ही ।छोटी सी उम्र में ही अलकनंदा के पाँव स्वत: थिरकने लगे थे। जिसे देख कर पंडित सुखदेव महराज ने लखनऊ के अच्छन महराज से ‘गण्डा’ (गुरु-दीक्षा) बँधवा दिया। इस तरह कत्थक से जुड़ गई छह वर्षीय फूल सी कोमल अलकनंदा ।
   उम्र के साथ-साथ अलकनंदा के नृत्य में निखार आता गया । वह अपने समय की दादरा एवं भाव नृत्य की सिद्धहस्त नृत्यांगना साबित हुईं । जब वह अपना नृत्य प्रस्तुत करती थीं तो दर्शक सकते में आ जाते थे । नृत्य में उनकी सलामी का तरीका ,भाव-भंगिमाएँ और अंगविन्यास आज के कत्थक शैली से एकदम भिन्न थे। बताते हैं कि उनके दो नृत्य,”तलवार की धार” एवं “थाली की बारी” पर नृत्य की तुलना में आज तक कोई कलाकार हुआ ही नहीं। अर्थाभाव, लोगों तथा सरकारी उपेक्षा के चलते आज से 36 साल पहले कत्थक की बेजोड़ कोहिनूर गुमनामी के अँधेरों में ऐसा गुम हुईं कि उन्हीं के शहर के आबो हवा में उनका नाम  नहीं ।80 वर्ष की उम्र में  वाराणसी के शिव प्रसाद गुप्त जिला चिकित्सालय के महिला वार्ड में 12 मई 1984 की शाम लगभग 8.30 बजे उन्हें दिल का दौरा पड़ा और घुंघुरुओं की छन-छन के साथ पैरों की थाप सदा के लिए थम गई । जहां पर उनके गुर्दे का ईलाज चल रहा था । ताज्जुब तो इस बात का है कि उस समय उनके अगल-बगल के मरीजों तक को यह नहीं मालूम था कि उनके बगल में नृत्य की एक धरोहर जीवन मृत्यु से संघर्ष कर रही है ।
अलकनंदा जी की मृत्यु से ठीक दस-बारह दिन पहले में उनसे मिलने अस्पताल गया था । यह भी एक संयोग ही था । हुआ यूं कि उन दिनों की प्रसिद्ध कत्थक नृत्यांगना एवं भोजपुरी की लोकप्रिय अभिनेत्री मधु मिश्रा से मिलने उनके राम कटोरा वाले घर पर गया, मुझे देख वह चिहंक उठी और बोलीं कि अच्छे समय पर आए प्रदीप । आओ चलते हैं जिला अस्पताल ,अलकनंदा बुआ वहाँ भर्ती हैं । इसी के साथ पूरा विवरण बता दिया मुझे। जिनकी देख-रेख उनके छोटे भाई दुर्गा प्रसाद जी कर रहे थे । रात यही आठ बजे होंगे हम लोग अस्पताल पहुंचे। उनका हाल-चाल लिया, काफी देर तक बातें होती रहीं। अगले दिन बातचीत करने की बात कर के वापस लौट आया ।

  दूसरे दिन दोपहर में मित्र छायाकार जितेंद्र के साथ पुनः अस्पताल पहुंचा । काफी देर तक बात होती रही । थोड़ी देर तक वह भावुक हो कर ऊपर छत की ओर देखती रहीं , शायद अपनी स्मृतियों में खो गईं थीं ,अचानक बोल उठी ‘कहाँ नहीं नाचा ,दक्षिण पूर्व एशिया के लगभग सभी देशों सहित पूरे भारत में। बड़ा दुख सहा है बेटा,इस नाच के पीछे । क्या-क्या नहीं सुना ,पिता जी से कहा जाता था कि देखो अपनी लड़कियों को नचवा रहा है । इतना ही नहीं ,हम लोगों को बिरादरी से बाहर तक कर दिया गया । पर हम कला के सच्चे उपासक ,धुन के पक्के ,बेपरवाह आगे बढ़ते गए।
  यह पूछने पर कि आपने के शिष्यों के बारे में कुछ बताएं? इस पर वह बोलीं,नाच,पता नहीं कितनों को सिखाया। नाम तो याद नहीं है ,अरे अब वो  ही भूल गए। सही बोलूँ, तो कभी साज-साजिन्दों की तरफ ध्यान ही नहीं दिया।जब देखती किसी को काम नहीं मिल रहा है तो उससे कहती कि बस तू थप-थप करता जा ,मैं नाच लूँगी। इससे मुझे खुशी मिलती कि उसे काम मिल गया।
   उम्र आते ही पिता जी ने शादी कर दी ,पर जिंदगी ही मात दे गई । मुझसे कोई बच्चा नहीं हुआ तो पति उसी के गम में भटक गए। पर अलकनंदा जी ने पति का नाम नहीं बताया, इतना कह कर चुप हो गईं कि ,अब बताने से क्या मिलेगा। फिर आगे बोलीं हाँ मैं ने जिंदगी में कभी गम नहीं किया । अगर किया होता तो तबेदिक (टीबी)की मरीज हो जाती।इसी के साथ उनके ओठों पर एक दर्द भरी मुस्कान तैर गई, जिसने  उनके दर्द को स्वयं बयां कर दिया।
अलकनंदा ने फिल्मों में भी काम किया था । जिसके बारे में पूछने पर वे कह पड़ीं फिल्म,हाँ याद आया ,शंकर भट्ट की फिल्म “सूर्य कुमारी” में हीरोइन थी। सोहराब मोदी की फिल्म “हुमायूँ” में नृत्य किया था। महबूब भट्ट की भी एक फिल्म में काम किया था ,नाम याद नहीं आ रहा । सोहराब मोदी और भट्ट साहब के काम लेने के तरीके से मैं बहुत संतुष्ट थी। 
        जिला अस्पताल का महिला वार्ड ,जहां वह अपने एक खराब गुर्दे का इलाज़ करवा रही। शोरगुल के बीच बातचीत का सिलसिला जारी, मैं  उनके चेहरे को निरंतर देखे जा रहा था । चेहरे पर झुरियों की जवानी ,उस पर तैश में निकलती कर्कश आवाज़ में वह बोलती जा रही थीं। सच पूछो तो कत्थक का पहला नाच हम ने ही नाचा है । हमी लोगों के बदौलत बनारस घराना चला । इसे कोठे से नीचे उतारने का सारा श्रेय पिता जी को ही जाता है।दोनों छोटी बहनें तारा एवं सितारा के बदौलत ही तो आज कत्थक को लोग जान रहें हैं । मुझसे छोटी बहन तारा तो असमय ही चली गई । अब सितारा ही तो इस परंपरा को आगे बढ़ा रही है।
 अब मेरे पास इतनी ताकत कहाँ कि नाच सकूँ, अभी दो साल पहले ही दिल्ली के आइपेक्स हाल में पैतालीस मिनट तक नाची थी। बस अब कुछ दिन ही तो और रहना है। भावुक हो कर बोलीं कि कलाकार मरता है,उसकी कला नहीं।

  अस्पताल से लौटने के बाद उनके साथ हुई बातचीत की रिपोर्ट तैयार की और धर्मयुग के लिए भेज दी ,इस उद्देश्य से कि छप जाएगा तो ठीक नहीं तो कोई बात नहीं। भेजे हुए तीन–चार दिन ही हुए थे। उन दिनों काशी विद्यापीठ वाराणसी से अर्थशास्त्र में परास्नातक भी कर रहा था । दोपहर  का समय था, मेरे एक मित्र विध्यापीठ आए और बोले कि पहले मुह मीठा कराओ, मै ने उनसे जानना चाहा कि किस बात के लिए भाई ,वह कुछ बताने से इंकार करते रहे । उन दिनों छात्रों के बीच मुह मीठा करने का मतलब होता था एक पूरी या आधी कप चाय। खेर साहब ,बेरोजगार था ,किसी तरह कुछ पैसों का वहीं इंतजाम किया और चाची के चाय की दुकान पर उन्हें (इसी बीच कई और मित्र भी आ गए वहाँ) लेकर गया ,जब चाची (जिनकी विध्यापीठ के ठीक सामने दुकान थी ,वही चाची जिनका छात्र जीवन का कर्ज प्रधान मंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी भी नहीं उतार पाये थे, चाची पर फिर कभी चर्चा करूंगा) को चाय पिलाने का आर्डर दिया ,तब जा कर मित्र ने मुझे “धर्मयुग” दिखाया। जिसमें एक छोटा  बाक्स आइटम अलकनंदा जी पर मेरा छपा था,जिसका शीर्षक था “अलकनंदा देवी: उपेक्षित कलानेत्री”  । उस समय ‘धर्मयुग’ में छपना बहुत बड़ी बात हुआ करती थी। देश के प्रतिष्ठित लोग ही उसमें स्थान पाते  थे। धर्मयुग का वह अंक था 6-12 मई 1984 का। मुझे भी विश्वास नहीं हो रहा था कि यह मेरा ही है। क्योंकि लगभग एक सप्ताह पहले ही तो साधारण डाक से भेजा था। जो उसी सप्ताह के अंक में आ भी गया था। यह बात होगी 10 मई की । इधर इस खबर (यही कहूँगा) के छपने के बाद बनारस की स्थानीय संस्थाओं व जिला प्रशासन को पता चली तो लोग अस्पताल की ओर दौड़ पड़े। इस बीच बनारस शहर में मेरी भी पहचान बन गई । 13 मई 1984 के शाम की बात है, यही सात बज रहे होंगे, तभी पोस्टमैन एक तार (टेलीग्राम) लेकर मेरे घर आए, तार का नाम सुनते ही उस समय सभी के होश उड़ जाया करते थे। अम्मा ने रिसीव किया। मेरे नाम से था, इस लिए उन्हें और जिज्ञासा थी कि इसमे क्या लिखा है। तत्काल मेरी खोज शुरू हुई ।लहुराबीर स्थित प्रकाश टाकीज़ पर खबर पहुंची कि तुरंत घर पहुँचो ,कोई टेलीग्राम मेरे नाम आया है। मैं तुरंत घर पहुंचा। तार को पढ़ा तो खुशी का ठिकाना नहीं रहा,वह तार था धर्मयुग के संपादक श्री धर्मवीर भारती जी का। जिसमें उन्हो ने अलकनंदा जी के इलाज के लिए धनराशि भेजने के हेतु उनके घर का पता लौटते तार से मांगा था। तार मिलते ही मैं भागा-भागा अस्पताल के महिला वार्ड में पहुंचा तो पता चला कि कल शाम ही उनका हृदयगति रुक जाने से निधन हो गया था। वहाँ से निकल कर सीधे कबीरचौरा स्थित उनके घर पहुंचा ,जहां पर उनके छोटे भाई दुर्गा प्रसाद जी ने सारी जानकारी दी।
  दुर्गाप्रसाद जी से मिलकर तुरंत नदेसर पहुंचा, वहाँ पर मुख्य डाकघर हुआ करता था , वहीं से श्री भारती जी को तार के माध्यम से अलकनंदा जी के निधन की भेजी। दूसरे दिन 14 मई को एक रजिस्टर्ड पोस्ट से धर्मयुग का एक लिफाफा मिला ,जिसमे एक बड़ी राशि का चेक उनके नाम का भारती जी ने भेजवाया था। जिसे उसी तरह लिफाफे में रख कर लौटती रजिस्टर्ड डाक से वापस भेज दिया था। आज के समय में कोई इस बात पर विश्वास ही नहीं करेगा कि इतनी तेज गति से कभी काम भी हुआ करते थे।
(यहाँ पर सभी चित्र उनके प्रपौत्र विशाल कृष्णा ने उपलब्ध करवाए हैं।)  


                        


शनिवार, 25 अप्रैल 2020

जन्म शताब्दी वर्ष

बहुगुणा जी के ठीक पीछे दाढ़ी व चश्में में मैं । 
हेमवती नंदन बहुगुणा के साथ दस मिनट की रेल यात्रा 
डॉ प्रदीप श्रीवास्तव 
बात सन 1987 की है ,उन दिनो मैं आगरा के एक हिन्दी दैनिक में कार्यरत था, शाम का समय यही कोई सात बजे होंगे,तभी हमारे समाचार संपादक जी ने मुझे अपने पास बुलवाया और निर्देश दिया कि अभी नौ बजे की गाड़ी से हेमवती नंदन बहुगुणा जी भोपाल जा रहे हैं ,तुम उनसे मिल कर एक छोटी सी बातचीत कर लो ,साथ में फोटोग्राफर भी रहेगा। आदेश मिलते ही हम लोग आगरा के 'राजा की मंडी' स्टेशन पहुंचे । तय हुआ कि किसी तरह उस डिब्बे में प्रवेश कर लिया जाए और उनके साथ वहाँ से 'आगरा कैंट' तक चला जाएगा। क्यों की इस बीच की दूरी को तय करने में गाड़ी को लगभग दस मिनिट तो लग जाएगा। बस इसी दौरान उनस जो भी बात हो सकेगी ,वह पर्याप्त होगी। गाड़ी स्टेशन पर पहुंची ,बहुगुणा समर्थकों का जमावड़ा देखने ही वाला था ,बहुगुणा जी वातानुकूलित डिब्बे से बाहर निकले ,समर्थकों ने उनका फूल -मालाओं से स्वागत कारण शुरू कर दिया । इसी बीच मैं में चुपचाप डिब्बे में घुस गया । सच बताऊँ पहली बार वातानुकूलित डिब्बे में घुसा था,यह कहने में कोई परहेज नहीं है । अपने निर्धारित समय से कुछ अधिक समय तक गाड़ी वहाँ रुकी रही। खैर साहब गाड़ी चली,बहुगुणा जी अपनी सीट पर आए ,उन्हें अपने अखबार के बारे में बताया और फिर बातचीत का सिलसिला चल पड़ा। राजनीति पर,प्रदेश की  वर्तमान परिदृश्य पर बात हुई (जिसका उल्लेख फिर कभी)। गाड़ी 'आगरा कैंट' पहुंची, उनसे बिदा लेकर स्टेशन से बाहर आया। अब विकत संकट की कार्यालय कैसे जल्दी से जल्दी पहुंचा जाए। याद आ रहा है कि दो-तीन आटो बदल कर कार्यालय पहुँचते -पहुँचते रात के ग्यारह बज गए थे। दूसरे दिन वह खबर बनाम बातचीत आगरा के शहर पेज पर छपी थी। उसी समय का यह चित्र है । जिसमें में बहुगुणा जी के पीछे दाढ़ी में दिखाई दे रहा हूँ।
आज बहुगुणा जी होते तो पूरे सौ साल के होते। यह उनका जन्म शताब्दी वर्ष है ,जो आज से शुरू हो रहा है। भारतीय माटी से जुड़े इस राजनीति के महानायक का जन्म 1919 को आज के ही दिन (25अप्रैल)  उत्तराखंड राज्य के पौड़ी जिले के बुधाणी गाँव हुआ में था। उनके पूर्वज पश्चिम बंगाल के थे। बताते हें कि वे लोग वहाँ से बद्रीनाथ दर्शन के लिए आए थे । परिवार वेधकीय था ,जिस पर वहाँ की तत्कालीन रानी ने उन्हें 'बहुगुणा' उपाधि से अलंकृत किया,जो बाद में सभी के नाम के साथ जुड़ गया । बहुगुणा जी 1936 से 1942 छात्र आंदोलन से जुड़े रहे बाद में 1942 से वह भारत छोड़ो आंदोलन के सक्रिय सहयोगी हो गए। किसी बात को लेकर उनसे इन्दिरा जी से मतभेद हो गई तो उन्होने 1977 में कांग्रेस का साथ छोड़ दिया,लेकिन बाद में वह फिर 1980 में वापस भी लौट आए । 1974-75 में वे उत्तर परदेश के मुख्यमंत्री भी रहे, केंद्र में भी वह कई बार मंत्री भी रहे। उनकी पढ़ाई इलाहाबाद (अब प्रयागराज)में हुई थी। और बातें फिर कभी ।
     

शुक्रवार, 24 अप्रैल 2020

प्रधानमंत्री-3

प्रधानमंत्री  राव ,बिहार विधान सभा चुनाव और मैं 
बात सन 1995 की है ,देश के कई राज्यों में विधान सभा के चुनाव हो रहे थे ,चारों ओर गहमा-गहमी थी। उन दिनों मैं महाराष्ट्र के औरंगाबाद से प्रकाशित तरुण भारत समूह के हिन्दी दैनिक 'देवगिरि समाचार' में कार्यरत था। तरुण भारत का मुख्यालय नागपुर में था । जिसके प्रबंधन मण्डल में स्व प्रमोद महाजन ,गोपीनाथ मुंडे ,आबा साहब देशपांडे ,संघ परिवार के सभी वरिष्ठ जन के अलावा महाराष्ट्र प्रदेश के बड़े-बड़े उद्योगपति भी हुआ करते थे । इस समूह की एक बड़ी विशेषता यह भी थी कि अखबार से जुड़े लोगों को समाचार संकलन का पूरा मौका दिया जाता था। जिसके लिए बकायदा सभी संस्करणों के संपादकों एवं ब्यूरो प्रमुखों की एक बैठक नागपुर या मुंबई में आयोजित की जाती,जिसमे सभी को समाचारों के संकलन की ज़िम्मेदारी सौंपी जाती। चुनाव सर पर था ,नागपुर में बैठक हुई । उसमें मुझे ओड़िसा ,बिहार एवं उत्तर प्रदेश के चुनाव का दायित्व दिया गया,इसी तरह अन्य  सभी वरिष्ठ संपादकों व ब्यूरो प्रमुखों को भी दायित्व दिये गए।
इस दौरान पंद्रह दिन में तीनों राज्यों को कवर करना था। औरंगाबाद से चल कर मैं सीधे भुवनेश्वर पहुंचा । तीन दिन रुक कर बीजू पटनायक, नवीन पटनायक ,सहित तमाम प्रत्याशियों से साक्षत्कार लिए एवं चुनावी रिपोर्टिग की। वहाँ से सात मार्च की दोपहर  चल कर आठ मार्च की सुबह पटना पहुंचा । अभी स्टेशन से निकाल कर होटल के लिए चला  ही  था तो प्रचार के तहत सुनाई दिया कि शाम को गांधी मैदान में प्रधानमंत्री (तब वह थे) पी॰ वी ॰ नरसिंह राव की जनसभा है । खैर होटल में फ्रेश होने के बाद चुनावी माहौल जानने के लिए पटना की सड़कों पर निकाल पड़ा । एक दो पत्रकार मित्रों से भी मुलाक़ात हुई । होते -होते तीन बज गए। पाँच बजे से पटना के गांधी मैदान में प्रधान मंत्री की जन सभा । इसी उधेड़बुन में कि गांधी मैदान  जाऊँ  या दानापुर हवाई अड्डा । सोचते-सोचते कदम कुआं के एक रेस्तरा में चाय पीने बैठ गया । फिर वही चाय कि चुस्कियो  के साथ फिर दिमाग मैं उधेड़बुन । चाय खत्म होते-होते यह निर्णय लिया कि यहाँ से सीधे हवाई अड्डा चला जाए। क्यों कि गांधी मैदान के सभा की खबर समाचार एजेंसियां तो देंगी ही, यदि प्रधानमंत्री जी से चलते-चलते दो मिनिट बात भी हो गई तो ,वह खबर कुछ अलग से होगी ।
हवाई अड्डा पहुंचा , सुरक्षा के कड़े प्रबंध । प्रधान मंत्री के विमान आने में थोड़ा विलंब , अभी हवाई अड्डे पर मेरे एक संपादक मित्र दिख गए। फिर क्या बात आसानी से बन गई ,अधिक माथा -पच्ची नहीं करनी पड़ी । प्रधान मंत्री आए और एक विशेष कक्ष में चुनिन्दा पत्रकारो के साथ लगभग बातचीत की ,इस दौरान सवालों -जवाबों का दौर भी चला । बाद में वे चुनावी सभा को संबोधित करने गांधी मैदान चले और में वापस होटल लौट आया । अब दिक्कत समाचार भेजने की । हर जगह फैक्स या टेलेक्स तो होते नहीं थे। एक मात्र सहारा था पोस्ट आफिस । खोजते-खोजते पोस्ट आफिस पहुंचा तो वहाँ भी लंबी लाईन । हो भी क्यों न ,देश-विदेश के पत्रकारों का जमघट ,हर एक को समाचार अपनी-अपनी  डेट लाइन से भेजने के व्याकुलता । उस समय पोस्ट आफिस सूचना विभाग के माध्यम से मान्यता प्राप्त पत्रकारों एक कार्ड जारी करता थे ,जिससे वह अपनी खबर टेलेक्स या टेलीग्राम के माध्यम से कम दर पर भेजता था,जिसका भुगतान कंपनी के द्वारा हो जाता था। वहाँ से अगला पड़ाव उत्तर प्रदेश की ओर ।     
डॉ प्रदीप श्रीवास्तव 

'इंग्लैंड-आयरलैंड' और 'अंटाकर्टिका एक अनोखा महादेश'

किताबें-2 श्रीमती माला वर्मा की दो किताबें हाल ही में मिलीं, 'इंग्लैंड-आयरलैंड' और 'अंटाकर्टिका एक अनोखा महादेश' ,दोनों ह...